लोकसभा में विशेष सत्र का दूसरा दिन भी हंगामेदार रहा है. राहुल गांधी ने इस दौरान बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी कायरों की तरह छिपना बंद कर दे.

राहुल गांधी का बीजेपी पर हमला
लोकसभा में इन दिनों विशेष सत्र चल रहा है. विशेष सत्र का दूसरा दिन भी काफी हंगामेदार रहा है. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जब महिला आरक्षण से जुड़े हुए संशोधन विधेयकों पर बोलना शुरू किया, तो इस दौरान उन्होंने अपनी बात एक कहानी से की, हालांकि बाद में यह कहानी हंगामे में बदल गई. अपनी कहानियों के जरिए राहुल ने बीजेपी पर निशाना साधा है.
बीजेपी कायरों की तरह छिपना बंद करे
राहुल गांधी ने अपनी कहानियों के जरिए बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी कायरों की तरह छिपना बंद करे. इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि यह महिला बिल तो बिल्कुल भी नहीं है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के दिमाग में असमंजस है. वे लोग सोचते हैं कि वे भारत के लोग हैं, भारत की सेना है. आप भारत के लोग नहीं हैं, आप भारत की सेना नहीं हैं. बीजेपी कायरों की तरह भारत की सेना और लोगों के पीछे न छिपे.
हम इस बिल को पारित नहीं होने देंगे- राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि हम आपको अटैक करते हैं, सेना या फिर लोगों को नहीं. इस दौरान स्पीकर ने उन्हें टोकते हुए कहा कि मैं सीट पर हूं, तो बिल पर ही चर्चा होगी. जिस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि हम इस बिल को पारित नहीं होने देंगे. राहुल गांधी ने कहा कि यह महिला आरक्षण विधेयक नहीं है, क्योंकि महिला आरक्षण का कानून 2023 में पारित हो चुका है. राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा बिल देश के चुनावी नक्शे को बदलने की साजिश का एक हिस्सा है.
सरकार डरी हुई है- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि यह बिल एससी, एसटी और ओबीसी समुदायों के खिलाफ है और उनके अधिकारों को छीनने का एक एजेंडा लेकर आया है. उन्होंने इस दौरान कहा कि सरकार डरी हुई है. जो काम सरकार ने असम और जम्मू-कश्मीर में किया, वह काम अब पूरे देश में करना चाहती है. राहुल गांधी ने कहा कि इस बिल का महिला आरक्षण और सशक्तिकरण से किसी तरह का कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि यह विधेयक सत्ता पर कब्जा बनाए रखने की कोशिश है.
यह भी पढे़ं- बिहार के मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी; पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार किया आरोपी
