कुछ दिन पहले उत्तराखंड के देहरादून में हुए एंजेल हत्याकांड को लेकर पूरे देश में दुख का माहौल बना हुआ है. त्रिपुरा के रहने वाले एंजेल चकमा की हत्या के बाद उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी लगातार मामले के ऊपर अपनी नजरें बनाए हुए हैं. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी के सख्त आदेश दिए हैं. इस हत्याकांड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया की है.
राहुल गांधी ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
एंजेल हत्याकांड में उत्तराखंड सरकार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सख्त रुख बनाए हुए है. अब इस मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है, राहुल गांधी ने इस हत्याकांड को एक भयानक हेट क्राइम बताया है और आरोप लगाया कि काफी लंबे समय से देश के अंदर नफरत का माहौल बनाया जा रहा है. राहुल गांधी का कहना है कि इस माहौल को BJP का नेतृत्व काफी सामान्य बना रहा है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट से दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की जिसमें उन्होंने कहा कि एंजेल चकमा और उनके भाई के साथ में जो भी हुआ है, वह अचानक नहीं हुआ है. राहुल गांधी ने कहा है कि नफरत एक रात में पैदा नहीं हो जाती, बल्कि कई सालों तक आने वाले जहरीले कंटेंट और गैर जिम्मेदार बयानबाजी लोगों और खासकर युवाओं के दिमाग में भर जाती है. उन्होंने कहा है कि भारत डर और गाली-गलौज नहीं बल्कि प्यार और सम्मान और विविधता का देश है.
9 दिसंबर को हुई थी घटना
देहरादून में यह घटना 9 दिसंबर को हुई थी. 24 साल के MBA के छात्र एंजेल चकमा अपने भाई माइकल के साथ बाजार गए थे, जहां उनके ऊपर वहां मौजूद दूसरे समूह ने दोनों भाइयों के ऊपर चाइनीज मोमो जैसी नस्लीय टिप्पणियां कीं. जब दोनों भाइयों ने इस बात का विरोध किया तो बात काफी बढ़ गई और आरोपियों ने धारदार हथियार और कड़े से दोनों भाइयों के ऊपर हमला कर दिया, जिससे एंजेल चकमा को काफी गंभीर चोटें आईं. जिसके बाद इलाज के दौरान 26 दिसंबर को एंजेल चकमा की मौत हो गई.
5 आरोपी हो चुके गिरफ्तार
इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है, जिसमें से अब तक 5 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. लेकिन एक आरोपी यज्ञराज अवस्थी अभी भी फरार है. ऐसा बताया जा रहा है कि यज्ञराज अवस्थी नेपाल के कंचनपुर जिले का रहने वाला है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम को नेपाल भी भेजा गया है और आरोपी के ऊपर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार मामले के ऊपर अपनी नजरें बनाए हुए हैं.
