उत्तराखंड के एंजेल हत्याकांड मामले के ऊपर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार अपनी नजरें बनाए हुए हैं. सरकार का साफ कहना है कि इस तरह की घटनाएं प्रदेश में किसी भी हालात में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने छात्र की हत्या पर काफी दुख जताया है और एंजेल के पिता से फोन पर बात की है.
मुख्यमंत्री ने की एंजेल के पिता से बात
कुछ दिनों पहले उत्तराखंड में त्रिपुरा के छात्र की हत्या कर दी गई थी. जिसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्ती दिखाते हुए पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आदेश दिए थे. पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन एक आरोपी अभी भी फरार है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या पर काफी दुख जताया है और उसके पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बात की है. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि सभी आरोपियों को सजा दी जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
मुख्यमंत्री ने छात्र के पिता को दिलाया भरोसा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने तरुण प्रसाद चकमा से सोमवार को बात करते हुए हत्या को काफी ज्यादा दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है. मुख्यमंत्री ने एंजेल के पिता से कहा है कि इस मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा है कि एक आरोपी की नेपाल भाग जाने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित
मुख्यमंत्री ने छात्र के पिता से बात करते हुए कहा है कि फरार आरोपी के ऊपर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है और पुलिस की टीमें पूरी तरह से सक्रिय हैं, फरार आरोपी किसी भी हालात में बच नहीं पाएगा. उन्होंने छात्र के पिता से कहा है कि वे भी व्यक्तिगत तौर पर इस घटना से काफी दुखी हैं और एक पिता के दर्द को काफी हद तक समझ सकते हैं. उन्होंने एंजेल के पिता को भरोसा दिलाया है कि उत्तराखंड सरकार इस मामले में सभी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए पूरी तरह से काम कर रही है.
ऐसी घटनाएं बहुत पीड़ादायक- सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस तरह की घटनाएं और उत्तराखंड में इस तरह का माहौल कभी रहा नहीं है, प्रदेश में देश-विदेश से छात्र पढ़ने आते हैं, इस तरह से ऐसी घटनाएं काफी दुखद हो जाती हैं. इस तरह की घटनाएं सिर्फ परिवार ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए पीड़ादायक होती हैं. उन्होंने साफ कहा है कि उत्तराखंड सरकार ऐसे मामलों में बेहद सख्ती के साथ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी.
