Angel Chakma Murder Case Uttarakhand: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले को काफी गंभीरता से लिया है. सीएम धामी का कहना है कि प्रदेश में इस तरह की कोई भी घटना बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मुख्यमंत्री ने एंजेल चकमा की हत्या करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए हैं.
क्या है पूरा मामला?
त्रिपुरा के उनकोटी जिले के नंदानगर इलाके में रहने वाले 24 साल के एंजेल चकमा देहरादून में MBA की पढ़ाई करते थे. दरअसल पूरा मामला नस्लीय हमले से जुड़ा हुआ है. पूरी घटना दिसंबर महीने की है. एंजेल अपने भाई के साथ में बाजार में गया था, जहां कुछ लोगों के द्वारा उसके ऊपर चाइनीज और मोमो जैसी नस्लीय टिप्पणियां की, जिसके बाद जब एंजेल ने नाराजगी जताई तो शराब के नशे में धुत हमलावरों ने एंजेल और उसके भाई के ऊपर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में एंजेल के काफी गंभीर चोटें आईं और उसे देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. जिसके बाद 26 दिसंबर को एंजेल की मौत हो गई.
हत्या का मामला किया गया दर्ज
एंजेल के साथ हुई मारपीट में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है. इस मामले को उत्तराखंड की धामी सरकार काफी गंभीरता से ले रही है. पुलिस ने मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 2 नाबालिग हैं. दोनों नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजा गया है. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं, कि किसी भी आरोपी को किसी भी हाल में बख्शा न जाए.
इस तरह की घटना नहीं स्वीकार- सीएम धामी
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी एंजेल चकमा की हत्या के मामले को काफी गंभीरता से ले रहे हैं. सीएम का कहना है कि इस तरह की घटनाएं प्रदेश के अंदर किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और घटना से जुड़े हुए आरोपियों को किसी भी स्थिति में छोड़ा नहीं जाएगा. सीएम धामी ने फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार करने के सख्त आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री का कहना है कि मामले में फरार आरोपी जल्दी ही पुलिस के हाथों में होगा.
फरार आरोपी पर 25 हजार का इनाम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फरार आरोपी को जल्दी से जल्दी गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं. पुलिस लगातार फरार आरोपी को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है. फरार आरोपी के ऊपर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की एक टीम को नेपाल भी भेजा गया है. सीएम धामी का कहना है कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा.


