राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने दावा किया कि कॉलेज जाने वाली लड़कियों और महिलाओं के लिए बनी 9 योजनाओं में से किसी भी योजना के तहत खर्च नहीं किया गया है. इन योजनाओं मेम लाड़ली सुरक्षा योजना, महिलाओं के लिए पेंशन योजना भी शामिल है.
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने BJP सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कंप्ट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल (CAG) की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि बच्चों, लड़कियों और महिलाओं के लिए बनी 37 में से 21 योजनाओं के तहत कोई खर्च ही नहीं किया गया. उन्होंने दावा किया कि इनके लिए करीब 3 हजार करोड़ रुपये का बजट आवंटित कर दिया गया था.
37 योजनाओं में 21 पर खर्चा नहीं- गहलोत
इस दौरान गहलोत ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य राज्य में एक करोड़ से अधिक बच्चों, छात्राओं और महिलाओं को सीधे तौर पर फायदा पहुंचाना था. कांग्रेस नेता ने कहा कि CAG रिपोर्ट ने विधानसभा के सामने भारतीय जनता पार्टी की सरकार की एक और शर्मनाक सच्चाई सामने ला दी है. बच्चों और लड़कियों के साथ-साथ महिलाओं के लिए चलाई जा रही 37 योजनाओं में से 21 पर जमीनी स्तर पर एक भी रुपया तक खर्च नहीं किया गया.
बीजेपी सरकार लड़ जमकर हमला
CAG रिपोर्ट का हवाला देते हुए गहलोत ने दावा किया कि कालीबाई भील स्कूटी योजना के तहत दिए 21.61 करोड़ रुपये, मां-बाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए 6 करोड़ रुपये और शिक्षा का अधिकार (Right to Education, RTE) के तहत प्राइवेट स्कूलों की फीस की रिम्बर्समेंट के लिए 55.31 करोड़ रुपये खर्च नहीं किए गए. उन्होंने इस दौरान बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला.
योजनाएँ बंद करने का लगाया आरोप
उन्होंने कहा कि कॉलेज जाने वाली लड़कियों और महिलाओं के लिए बनी 9 योजनाओं में से किसी के भी तहत कोई खर्च नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं में लाड़ली सुरक्षा योजना और छोड़ी गई महिलाओं के लिए पेंशन योजना भी शामिल हैं. आरोप लगाया कि BJP सरकार पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई जन-कल्याणकारी योजनाओं को अनौपचारिक रूप से बंद करने की कोशिश कर रही है.
