राजगढ़ में एक युवक ने 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका की हत्या कर दी. प्रेमिका की हत्या के बाद वह खुद ट्रक के आगे कूद गया. बताया जा रहा है कि नाबालिग का शव 7 दिन बाद जंगल में मिला है. फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है.
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से एक हैरान देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया. 21 वर्षीय युवक ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर डाली. बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद फिर खुद भी ट्रक के सामने कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. कॉल डिटेल्स और मोबाइल टॉवर लोकेशन के आधार पर जब पुलिस 7 दिन बाद मलावर के घने जंगल में पहुंची, तो नाबालिग का शव सड़ी-गली स्थिति में बरामद हुआ.
गायब हुई थी नाबालिग
आपको बता दे इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब राजगढ़ कोतवाली थाने में 30 सितंबर को 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के रहस्यमय परिस्थितियों में गायब होने पर परिजनों ने अपहरण का मामला दर्ज कराया था. परिजनों ने गांव के ही एक युवक अनुराग उर्फ अंकित पर शक जताया था.
ट्रक से टकराई बाइक
पुलिस जब तक अनुराग की तलाश शुरू करती, तब तक खबर आई कि उसी दिन मलावर थाना क्षेत्र के पगारी बंग्ला के पास एक सड़क हादसे में अनुराग की मौत हो गई है. उसकी बाइक एक तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई थी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया था.
गर्लफ्रेंड की कर दी हत्या
शुरुआत में यह मामला एक्सीडेंट का लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने मृतक अनुराग की कॉल डिटेल्स और मोबाइल लोकेशन खंगाली, तो उसकी आखिरी लोकेशन मलावर के घने जंगल में पाई गई. पुलिस टीम जब सर्विलांस के आधार पर जंगल के अंदर पहुंची, तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गई. जानकारी के मुताबिक झाड़ियों में नाबालिग का 7 दिन पुराना शव पड़ा मिला. मौके पर पुलिस को एक आरी भी मिली और पास के ही एक पेड़ पर रस्सी लटकी हुई पाई गई. इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने पहले फंदा लगाकर या किसी अन्य तरीके से हत्या का प्रयास किया था और असफल होने पर धारदार हथियार का इस्तेमाल किया.
फिलहाल, इस पूरे मामले में कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है. पुलिस ने शुरुआती अपहरण के मुकदमे और बाइक एक्सीडेंट को आपस में जोड़कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
