राम मंदिर दान चोरी मामले में पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है. अब सामने आया है कि 40 दिनों में आरोपियों ने 70 बार चढ़ावे की रकम को गायब किया था. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

मंदिर में 40 दिन में 70 बार चोरी
अयोध्या राम मंदिर इन दिनों दान चोरी के कारण सुर्खियों में बना हुआ है. इस मामले की जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस पूछताछ के दौरान सामने आया कि 40 दिनों के अंदर कथित तौर पर 70 बार दान की रकम को निकाला गया. आपको बता दें कि मामले की जांच के बाद मंदिर प्रशासन ने चढ़ावे की गिनती करने की व्यवस्था को भी बदल दिया है. पहले यह गिनती 2 शिफ्ट में होती थी, जो अब एक ही शिफ्ट में की जाएगी.
काउंटिंग व्यवस्था को बदला
पुलिस पूछताछ के दौरान सामने आया कि चोरी की घटनाएं सिर्फ शाम की शिफ्ट के दौरान हुई थीं, जिसके कारण अब मंदिर प्रशासन ने चढ़ावे की काउंटिंग की पूरी व्यवस्था को बदल दिया है. पुलिस ने आरोपी अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा और लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां हासिल की हैं. पूछताछ के दौरान सामने आया कि मंदिर में लगभग 40 दिनों में 70 बार चढ़ावे की रकम को चुराया गया था.
अविनाश ने 50 से ज्यादा बार की चोरी
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अविनाश शुक्ला की सबसे ज्यादा भूमिका थी. आरोपी अविनाश ने अकेले ही 50 से ज्यादा बार चोरी को अंजाम दिया. कई दिनों में आरोपियों ने एक दिन में दो-दो बार चढ़ावे की रकम को चुराने की कोशिश की. जांच में सामने आया कि 40 दिनों में 5 दिन ऐसे भी थे, जिनमें एक दिन के अंदर 3 बार दान की चोरी की गई थी. अब पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही है.
दूसरी शिफ्ट के दौरान हुई थी चोरी
जानकारी के मुताबिक अविनाश शुक्ला और अनुकल्प मिश्रा एक-दूसरे की मदद करते थे. हालांकि जांच में यह भी सामने आया है कि पहली शिफ्ट की गिनती के दौरान चोरी की किसी तरह की घटना नहीं हुई थी. अभी तक हुई जांच में सामने आया है कि चोरी की घटना उस समय हुई जब चढ़ावे की गिनती की दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक दूसरी शिफ्ट चल रही थी.
