Ayodhya Donation Theft Case: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ ही अविनाश शुक्ला की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है. पुलिस ने एफआईआर में आठ कर्मचारियों और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया है, लेकिन अब तक किसी को भी मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित नहीं किया गया है. हालांकि पुलिस ने प्राथमिकी में आठ कर्मियों और एक अज्ञात को शामिल किया है, लेकिन अभी तक किसी की मुख्य भूमिका स्पष्ट नहीं की गई थी. अब तक की जांच और बरामदगी के आधार पर सबसे बड़ी भूमिका अविनाश की ही सामने आ रही है.
अविनाश शुक्ला के पास से मिला सबसे ज्यादा कैश, 24 घंटे की रिमांड मंजूर
पुलिस की बरामदगी रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी अविनाश शुक्ला के पास से सर्वाधिक 20 लाख रुपये की भारतीय नकदी और 1121 यूएस डॉलर बरामद किए गए हैं. जांच में सामने आया है कि कौशलपुरी इलाके में, जहां अविनाश अपने भाई अभिषेक के साथ रहता था, वहीं धनराशि का बंटवारा होता था. जांच के अनुसार, सर्वाधिक नकदी अविनाश ही चुराता था, इसी वजह से उसके पास से सबसे ज्यादा धन मिला है। उधर, सह-आरोपी टिन्नू ने पुलिस पूछताछ में कुबूल किया है कि वह अचानक यह देखने गणना कक्ष पहुंचता था कि कहीं गणनाकर्मी अधिक रकम तो नहीं पार कर रहे हैं.
अविनाश शुक्ला की 24 घंटे की कस्टडी रिमांड मंजूर
इस बीच, एंटी करप्शन कोर्ट ने विवेचक सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी की अर्जी पर सुनवाई करते हुए आरोपी अविनाश शुक्ला की 24 घंटे की कस्टडी रिमांड मंजूर कर दी है। विवेचक ने 48 घंटे की रिमांड मांगी थी। अब अगले 24 घंटों में पुलिस अविनाश से इस नेटवर्क से जुड़े कई और राज उगलवाएगी.
क्राइम कुंडली खंगालने अविनाश के घर पहुंची पुलिस, इंस्टाग्राम वीडियो की जांच
अविनाश शुक्ला की क्राइम कुंडली खंगालने और उसके पूरे रिकॉर्ड का सत्यापन करने के लिए महेशगंज पुलिस उसके बाबूपुर नारियवा गांव स्थित घर पहुंची. दरअसल, अविनाश शुक्ला के भाई द्वारा नोटों के बंडल के साथ इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया गया था, जिसे लेकर पुलिस ने उसके माता-पिता से करीब 1 घंटे तक गहन पूछताछ की. एसपी ने पुष्टि करते हुए बताया कि ‘YAKSH APP’ पर सत्यापन की कार्रवाई के लिए महेशगंज पुलिस आरोपी के घर गई थी.
ये भी पढ़ें: UP Weather: यूपी में मॉनसून फुल एक्टिव, 3 जुलाई को भारी बारिश-बिजली का अलर्ट, 40 से ज्यादा जिले प्रभावित
