sadhvi prem baisa death: जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की मौत कार्डियक और पल्मोनरी अरेस्ट से हुई, जांच में जहर या साजिश के कोई सबूत नहीं मिले. पुलिस अब इंजेक्शन और संभावित मेडिकल लापरवाही पर एक्सपर्ट रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी.

sadhvi prem baisa death: जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार उनकी मौत किसी जहर या साजिश से नहीं हुई. जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि मौत कार्डियक और पल्मोनरी अरेस्ट की वजह से हुई. एफएसएल और हिस्टोपैथोलॉजी की रिपोर्ट में भी बाहरी कारण की पुष्टि नहीं हुई. साथ ही यह भी साफ किया गया कि उनके साथ किसी तरह का यौन शोषण नहीं हुआ था. इससे मामले में फैली कई अफवाहों पर विराम लगा है.
पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान ने बताया कि जांच के दौरान एक नर्सिंगकर्मी द्वारा लगाए गए इंजेक्शन की भी जानकारी सामने आई है. यह इंजेक्शन शेड्यूल एच श्रेणी का था. ऐसे इंजेक्शन बिना डॉक्टर की पर्ची के नहीं लगाए जा सकते. फिलहाल इस इंजेक्शन को लेकर पूरी जानकारी जुटाई जा रही है. अभी यह साफ नहीं हुआ है कि उसी इंजेक्शन की वजह से हार्ट और फेफड़ों ने काम करना बंद किया या नहीं.
पुलिस के अनुसार इंजेक्शन देवी सिंह नाम का व्यक्ति लेकर आया था. लेकिन उसके पास कोई वैध पर्ची नहीं मिली है. इस मामले में एक्सपर्ट डॉक्टरों की राय का इंतजार किया जा रहा है. अगर मेडिकल लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित लोगों पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने यह भी कहा कि गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने का फैसला रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा.
इस पूरे मामले की जांच एसआईटी कर रही है. अब तक 44 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं. साथ ही 106 मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल्स भी जांची गई हैं. पुलिस के अनुसार साध्वी के पिता ने उनकी मौत के बाद कई लोगों को फोन किया था. लेकिन जांच में उनकी कोई संदिग्ध भूमिका नहीं मिली है. यह कदम उन्होंने भावनात्मक स्थिति में उठाया था.
पुलिस ने यह भी बताया कि साध्वी के नाम से सोशल मीडिया पर जो न्याय की मांग वाला संदेश फैलाया गया था, वह उनके पिता ने भीड़ जुटाने के लिए लिखवाया था. जांच में पहले दर्ज मामलों से जुड़े किसी व्यक्ति की भूमिका भी सामने नहीं आई है. फिलहाल पुलिस एक्सपर्ट रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
यह भी पढ़ें- इश्क में नहीं मिला धोखा! लड़की ने प्रेमी के घर के बाहर ख़ज़ाना जहर, जिला अस्पताल में भर्ती कराया
