Salman Khan on NEET Row: NEET पेपर लीक विवाद पर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने छात्रों से प्रदर्शन खत्म कर घर लौटने और सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के आश्वासन के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई तय है.

Salman Khan on NEET Row: NEET पेपर लीक मामले पर देशभर में छात्रों का गुस्सा और प्रदर्शन जारी है. इस पूरे विवाद पर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान लगातार अपनी बात रख रहे हैं. हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर छात्रों से अपना आंदोलन खत्म करने की अपील की है. सलमान ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अब अपने अपने घर वापस लौट जाएँ. इसके साथ ही उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से भी अनशन तोड़ने की गुजारिश की है.
छात्रों से घर लौटने की अपील
सलमान खान ने अपने ताज़ा पोस्ट में लिखा कि छात्र देश की सबसे बड़ी ताकत हैं. शिक्षा और उनकी सुरक्षा सबसे पहले आती है. उन्होंने कहा कि अब छात्रों को और उनके माता पिता को घबराने की ज़रूरत नहीं है. पीएम मोदी के रुख का ज़िक्र करते हुए सलमान ने लिखा कि जब खुद प्रधानमंत्री जी ने इस मुद्दे पर ट्वीट कर दिया है, तो सख्त कार्रवाई होना तय है. धांधली करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. इसलिए अब सभी छात्र शांति से अपने घर लौट जाएँ.
सोनम वांगचुक को खास संदेश
अपने पोस्ट में सलमान खान ने सोनम वांगचुक को भी एक दोस्ताना संदेश भेजा. उन्होंने लिखा कि ‘सोनम भाई, अब बहुत हो गया. सेहत का ध्यान रखो और आंदोलन को यहीं रोक दो. ज़रूरत पड़ी तो आगे फिर लड़ाई लड़ लेना, लेकिन अभी कुछ खा लो.’ उन्होंने मज़ाकिया अंदाज़ में यह तक कह दिया कि अगर वे चाहें तो अपने घर से खाना भिजवा सकते हैं. सलमान का यह अंदाज़ सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा में आ गया है.
अचानक क्यों बदल गए सुर?
सलमान खान के इस नए बयान के बाद लोगों की अलग अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. कई लोगों का मानना है कि सलमान का रुख अचानक बदल गया है. वे अब छात्रों के बजाय सरकार के समर्थन में बोलते दिख रहे हैं. एक दिन पहले तक वे इस प्रदर्शन को सही ठहरा रहे थे. अब अचानक आंदोलन खत्म करने की बात कहने पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है कि आखिर सलमान ने अपना फैसला इतनी जल्दी क्यों बदल लिया.
पहले किया था आंदोलन का समर्थन
इससे पहले वाले पोस्ट में सलमान खान ने छात्रों के इस कदम की काफी तारीफ की थी. उन्होंने कहा था कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए यह प्रदर्शन बहुत ज़रूरी और साहसी है. उन्होंने साफ कहा था कि पेपर लीक होना गंभीर मामला है. इस लड़ाई का पूरा श्रेय सिर्फ मेहनत करने वाले छात्रों को मिलना चाहिए. इसमें किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए ताकि देश की शिक्षा व्यवस्था मजबूत बन सके.
डिस्क्लैमर: यह खबर सोशल मीडिया पर अभिनेता सलमान खान के आधिकारिक बयानों और हालिया घटनाक्रम पर आधारित है. इसका मकसद केवल पाठकों तक ताज़ा जानकारी पहुंचाना है.
