Sambhajinagar Family Death Case: छत्रपति संभाजीनगर में 3 मौतों के मामले में मां का सुसाइड से पहले का वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने रिश्तेदारों पर प्रताड़ना और संपत्ति विवाद के गंभीर आरोप लगाए हैं.

Sambhajinagar Family Death Case: छत्रपति संभाजीनगर के वालुज इलाके में शुक्रवार को घटी दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया था. वहां एक ही परिवार के तीन लोगों की पहाड़ी से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई थी. पहले बेटे ने पहाड़ी से छलांग लगाई, उसे बचाने के प्रयास में पिता गिर गए और इस खौफनाक मंजर को देखकर मां ने भी जान दे दी. महज कुछ ही मिनटों के भीतर हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह से तबाह हो गया. अब इस दुखद मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतक मां संगीता का मौत से ठीक पहले का एक कथित वीडियो सामने आया है. इसमें उन्होंने रिश्तेदारों पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं.
पारिवारिक कलह और रिश्तेदारों पर आरोप
सामने आए इस वीडियो में संगीता चांदगुडे काफी परेशान और भावुक नजर आ रही हैं. वे अपने परिवार में काफी लंबे समय से चले आ रहे विवाद के बारे में खुलकर बता रही हैं. संगीता ने अपने पति की बहन यानी ननद और कुछ अन्य रिश्तेदारों पर सीधा आरोप लगाया है. उनका कहना है कि रिश्तेदारों ने उनके घर में झगड़े करवाए और परिवार की सुख-शांति को पूरी तरह छीन लिया. संगीता ने वीडियो में यह भी कहा कि रिश्तेदार बार-बार उनके पारिवारिक मामलों में दखल देते थे और उनके पति के साथ गलत बर्ताव करते थे.
संपत्ति विवाद और बेटे की दूरी का दर्द
संगीता ने वीडियो में रिश्तेदारों पर संपत्ति में हिस्सा मांगने और परिवार को तोड़ने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया. उन्होंने अपने बेटे कुणाल का जिक्र करते हुए कहा कि रिश्तेदारों ने साजिश के तहत बेटे को उसके पिता से दूर कर दिया था. मुश्किल दिनों में परिवार को रिश्तेदारों का कोई सहारा नहीं मिला. संगीता ने अपने पति की सोच पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उनके पति को हमेशा अपनी बहन के दुख की चिंता रहती थी. लेकिन उन्होंने अपनी पत्नी और बेटे के दर्द को कभी नहीं समझा और न ही उसे तवज्जो दी.
‘एक बार मेरी जगह खुद को रखकर देखिए’
वायरल वीडियो में संगीता का दर्द छलक पड़ा जब उन्होंने कहा कि अगर बहन का दुख इतना बड़ा लगता है तो इंसान को एक बार अपनी पत्नी की जगह पर भी खुद को रखकर देखना चाहिए. सालों तक रिश्तेदारों के गलत रवैये को सहते हुए पत्नी ने क्या महसूस किया होगा, इसे भी समझा जाना चाहिए था. संगीता ने बेहद कड़वे अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब उनका बेटा उनसे दूर चला गया था, तब परिवार के लोग आराम से अपनी जिंदगी जी रहे थे. वे खुशियां मना रहे थे, पार्टियां कर रहे थे और खाना खा रहे थे, जबकि उनका अपना परिवार तड़प रहा था.
मोबाइल की EMI नहीं, गहरा था विवाद
शुरुआत में इस घटना के पीछे बेटे कुणाल के मोबाइल की किस्त यानी EMI को लेकर हुए झगड़े को वजह माना जा रहा था. कहा जा रहा था कि इसी बात पर विवाद बढ़ा और परिवार तनाव में आ गया. लेकिन मां संगीता का यह कथित वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के सामने जांच की एक नई दिशा खुल गई है. अब मामला सिर्फ एक मोबाइल की किस्त तक सीमित नहीं दिख रहा है. इसके पीछे लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद और संपत्ति से जुड़ी तनातनी मुख्य वजह बनकर सामने आ रही है. पुलिस अब मानसिक दबाव वाले एंगल से भी जांच कर रही है.
पुलिस कर रही है वीडियो की सच्चाई की जांच
एमआईडीसी वालुज पुलिस स्टेशन की टीम अब इस वायरल वीडियो की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच में जुट गई है. पुलिस यह पता लगा रही है कि वीडियो कब और किस जगह बनाया गया था. वीडियो की सत्यता की पुष्टि होने के बाद इसमें नामजद रिश्तेदारों की भूमिका की भी जांच की जाएगी. पुलिस परिवार के पुराने रिकॉर्ड और हाल के दिनों में हुई बातचीत की जानकारी निकाल रही है. हालांकि वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है. जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि इस पूरे परिवार को इतना खतरनाक कदम उठाने के लिए किसने मजबूर किया था.
