मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल, यहां के एक छात्र की रहस्मयी और संदिग्ध हालत में मौत हो गई है. छात्र स्कॉटलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ स्टर्लिंग में फॉरेंसिक साइंस में पढ़ाई कर रहा था. 7 मार्च को उसका शव संदिग्ध हालत में मिला है. छात्र की पहचान संस्कार(21) पिता कुलदीप श्रीवास्तव के रूप में की गई है.
आत्महत्या नहीं हत्या!
परिवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उनके बेटे को उन्होंने पढ़ाई करने के लिए स्कॉटलैंड में भेजा हुआ था. पढ़ाई के साथ-साथ वह वहां पर पार्ट टाइम जॉब भी करता था. होली के कुछ दिन पहले संस्कार की मां ने उससे वीडियो कॉल पर बात भी की थी. उस समय तक माहौल पूरी तरीके तक सामान्य था. हालांकि, उसके 2 दिन बाद ही परिवार वालों को भारतीय दूतावास की ओर से उनके बेटे की मौत की खबर मिलती है, जिसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच जाता है.
सरकार से शव जल्द से जल्द लाने की मांग
हालांकि, परिवार वालों ने पूरा बयान दिया और बेटे की मौत की खबर को साजिश के तहत हत्या बताया है. परिवार वालों का कहना हैं कि दो दिन पहले ही उनकी उनके बेटे से बात हुई थी. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि पहली बार यूनिवर्सिटी में संदिग्ध तरीके से मौत नहीं हुई है, बल्कि इससे पहले भी दो लोगों की मौत हो चुकी है. इन सभी बातों के बाद परिवार ने इसे पूरी तरीके से हत्या का मामला बताया है. संस्कार की मां नीलम श्रीवास्तव ने भारत सरकार से उनके बेटे का शव जल्द से जल्द भारत लाने की मांग की है. साथ ही बेटे के शव की दोबारा से पोस्टमार्टम करने की मांग की है. परिवार अपने बेटे की आत्महत्या की बात को पूरी तरीके से ठुकरा रहा है. संभावना है कि 27 मार्च तक संस्कार का शव भारत आ जाएगा.
ये भी पढ़ें: ‘आप हमारे सुप्रीम लीडर बन जाओ…’ ईरान ने मुझे दिया था ऑफर; ट्रंप का बड़ा दावा
