अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने उनसे कहा कि आप हमारे अगले सुप्रीम लीडर बन जाओ. ट्रंप का कहना है कि ईरान जल्द ही फैसला करना चाहता है.
दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत
मिडिल ईस्ट में चल रही जंग को आज 27 दिन हो चुके हैं. गुरुवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यक्रम में बोलने के दौरान कहा है कि वे ईरान के साथ में बातचीत कर रहे हैं और दोनों तरफ से जंग को जल्दी खत्म करने की बात की जा रही है. वहीं ईरान ने ट्रंप के इन सभी दावों को खारिज किया है. अब इन्हीं सब बातों के बीच ट्रंप ने एक ऐसी बात कही है, जिससे सभी का ध्यान उनकी तरफ चला गया है.
‘आप हमारे अगले सुप्रीम लीडर बन जाओ’
ट्रंप की बात अब चर्चा का विषय बन गई है. ट्रंप का कहना है कि ईरान के कुछ लोगों ने उनसे अनौपचारिक रूप से कहा है कि आप हमारे अगले सुप्रीम लीडर बन जाओ. ट्रंप ने कहा कि मैंने उन्हें मना कर दिया. ट्रंप ने आगे कहा कि दुनिया के किसी भी देश का नेता ईरान का सुप्रीम लीडर बनना नहीं चाहता होगा. ट्रंप ने इसी दौरान यह भी कहा है कि अमेरिका ने ईरान को काफी बुरी तरह से हरा दिया है.
परमाणु कार्यक्रम बंद कर दे ईरान
ट्रंप ने कार्यक्रम को दौरान कहा कि हम इतनी बड़ी जीत हासिल कर रहे हैं, जितनी किसी ने पहले कभी देखी भी नहीं होगी. उन्होंने कहा कि ईरान अब बेहद जल्द समझौता करना चाहता है, लेकिन वह डर रहा है. ट्रंप ने कहा कि ईरान इसलिए डर रहा है कि अगर उसने फैसला किया, तो उसके अपने लोग ही उसे मार सकते हैं. ट्रंप ने कहा है कि ईरान को अमेरिका ने 15 सूत्रों वाला एक प्रस्ताव भेजा है, जिसमें कहा गया है कि ईरान हिजबुल्लाह जैसे गुटों को सपोर्ट न करे और होर्मुज स्ट्रेट को खोल दे और अपना परमाणु कार्यक्रम बंद कर दे.
ईरान ने किया शर्तों से मना
हालांकि ईरान ने अमेरिका की इन सभी शर्तों को मना कर दिया है. ईरान के एक अधिकारी का कहना है कि ट्रंप अपने आप से बात कर रहे हैं क्या? हम उनके साथ कभी कोई डील नहीं करेंगे. न अभी और न भविष्य में. ईरान ने 5 सूत्रों का जवाब देते हुए कहा है कि जंग उसकी शर्तों पर ही खत्म होगी. ट्रंप लगातार जंग खत्म करने के दावे कर रहे हैं, वहीं ईरान उनके सभी दावों को खारिज कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश में भीषण हादसा, लॉरी से टकराकर धू-धू कर जली बस, 14 जिंदा जले,सीएम नायडू ने दिए जांच के आदेश
