लखनऊ में कारोबारी शिवम की मौत के बाद पुलिस लगातार जांच कर रही है. घटना के बाद फरार श्रद्धा दुबे की नेपाल से नया वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में वह रिक्शे पर दिखाई दे रही है.
लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. इस मामले में फरार मॉडल श्रद्धा दुबे को लेकर नया अपडेट सामने आया है. नेपाल बॉर्डर पार करने के बाद श्रद्धा का एक नया वीडियो सामने आया है. इसमें वीडियो में वह नेपाल की सीमा के अंदर रिक्शा पर बैठी नजर आ रही है. वीडियो में उसके साथ उसकी बहन रश्मि और दो अन्य लोग भी दिखाई दे रहे हैं. इनमें से एक श्रद्धा का ड्राइवर बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक़ यह वीडियो 10 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे का है. शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस श्रद्धा और उसके साथियों की तलाश कर रही है.
2 वीडियो आये सामने
जानकारी के मुताबिक नेपाल के महीम नगर बस स्टेशन के दो CCTV फुटेज सामने आए हैं. इनमें श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दिखाई दे रहा है. एक फुटेज में तीनों सड़क पार करते नजर आते हैं, जबकि दूसरे में वह रिक्शा से जाते दिखाई दे रहे हैं. इस वीडियो में एक अन्य युवक भी उनके साथ है. वीडियो की मदद से पुलिस को श्रद्धा और उसके साथियों की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में मदद मिल सकती है.
बहराइच में छोड़ी स्कार्पियो
जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक पुलिस श्रद्धा की तलाश में लखनऊ के अलावा सीतापुर और लखीमपुर सहित कई जगहों पर पहुंची थी, लेकिन तब तक श्रद्धा और उसके साथी वहां से निकल चुके थे. बताया जा रहा कि वे बहराइच के रुपईडीहा पहुंचे और वहां अपनी स्कॉर्पियो कार छोड़कर नेपाल की सीमा पार कर गए. घटना के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नेपाल पहुंचने के बाद श्रद्धा और उसके साथी किन-किन जगहों पर गए. उनके संभावित ठिकानों और आने-जाने के रास्तों की भी जांच की जा रही है.
चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा की मौत
आपको बता दें कि कारोबारी शिवा शर्मा की मौत 9 अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में हुई थी. वह अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से नीचे गिर गया था. इस मामले में श्रद्धा दुबे की भूमिका को लेकर जांच चल रही है. वह फिलहाल फरार है. पुलिस मामले से जुड़े सबूतों और घटनाक्रम की जांच कर रही है.
