वाराणसी के सारनाथ में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया. पुलिस ने हादसे के मुख्य आरोपी राजू ख़ान को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ है. पुलिस मामले में जांच कर रही है.
वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी राजू खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके पास से देसी कट्टा भी बरामद किया है. जानकारी के मुताबिक़ इस घटना में राजू खान की पत्नी, बेटा और बेटी भी गंभीर रूप से घायल हुए थे. हादसे में दो मंजिला मकान ढह गया था और आसपास के कई घरों को भी नुकसान पहुंचा था. मामले में लापरवाही के आरोप में पुराना पुल चौकी प्रभारी अनुज शुक्ला और बीट कांस्टेबल प्रकाशचंद्र यादव को सस्पेंड कर दिया गया है.
पुलिस कर रही जांच
डीसीपी वरुणा जोन राजेश पाण्डेय ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने राजू खान को देर रात करीब 1:30 बजे गिरफ्तार किया. उसके पास से 315 बोर का देसी कट्टा बरामद हुआ है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम कर रहा था और इस कारोबार में उसके साथ कौन-कौन शामिल था. एडिशनल सीपी (कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा के मुताबिक, जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि मकान में कितनी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी.
2 मंजिल मकान भी ढहा
आपको बता दे कि सारनाथ के पैगंबरपुर में बीते गुरुवार को पटाखे बनाने के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ था. धमाका इतना तेज था कि दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया. इस हादसे में राजू खान की पत्नी चांदनी बेगम (35), बेटा आदिल खान (14) और 10 साल की बेटी अराफिया घायल हो गए थे. तीनों को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मां और बेटे की हालत गंभीर बताई गई. आपको बता दें कि इस हादसे में चांदनी बेगम करीब 85 फीसदी झुलस गई हैं, जबकि आदिल के सिर में गंभीर चोट आई है.
दीवारों में पड़ गई दरारें
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस हादसे में तीन से चार मकान क्षतिग्रस्त हो गए. कई घरों के शीशे और दरवाजे टूट गए, जबकि दीवारों में दरारें आ गईं. पड़ोसी चंद्रकला विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि धमाके से उनका घर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. प्रत्यक्षदर्शी पंकज के मुताबिक विस्फोट की आवाज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी.
‘मुन्नी ब्रांड’ के नाम के बनता था पटाखे
पड़ोसियों के अनुसार राजू खान ‘मुन्नी ब्रांड’ के नाम से बाजार में पटाखे बेचता था. शुरूआती जांच में सामने आया है कि उसके पास पटाखे बनाने का लाइसेंस नहीं था. इस काम में बाहरी लोगों के बजाय परिवार के सदस्य ही शामिल थे. पुलिस अब कारोबार की अवधि, विस्फोटक सामग्री की मात्रा और पटाखों की सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.
