उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक युवक को GST डिपार्टमेंट ने 2 करोड़ रुपए का टैक्स जमा करने का नोटिस भेजा है. युवक का कहना है कि वह गरीब है और 6-7 हजार रुपए की नौकरी करता है.
युवक को आया 2 करोड़ टैक्स का नोटिस
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक को GST विभाग से लगभग 2 करोड़ रुपए का टैक्स जमा करने का नोटिस भेजा गया है. जिसे देखकर युवक हैरान-परेशान हो गया. पीड़ित की पहचान डुमरियागंज तहसील के ओम प्रकाश वर्मा के रूप में हुई है. नोटिस के बाद युवक का कहना है कि मैं गरीब आदमी हूं. 6-7 हजार रुपए की नौकरी करती हूं, मुझे बेवजह फंसाया जा रहा है.
6-7 हजार की नौकरी करता है युवक
जानकारी के मुताबिक पीड़ित ओम प्रकाश डुमरियागंज तहसील के भरवाठिया मुस्तकहम गांव का रहने वाला है. पीड़ित को GST डिपार्टमेंट ने लगभग 1,99,42,313 रुपए का टैक्स जमा करने के लिए नोटिस भेजा गया है. पीड़ित को यह नोटिस 10 फरवरी को डाक से मिला है. जिसके बाद जब युवक ने नोटिस पढ़ा तो वह हैरान रह गया. आपको बता दें कि युवक एक प्राइवेट टीचर है और उसे 6-7 हजार रुपए की सैलरी मिलती है.
युवक के पैन कार्ड का हुआ मिसयूज
इस मामले में पीड़ित ओम प्रकाश ने डुमरियागंज थाने में आवेदन किया है. जिसके बाद जब सेल टैक्स डिपार्टमेंट ने मामले में जांच की तो सामने आया कि युवक के पैन कार्ड का इस्तेमाल करके किसी ने दिल्ली और फर्रुखाबाद में अलग-अलग फर्म बनाई हैं और उन फर्म से लेन-देन किया गया है. नई दिल्ली में बनाई गई फर्म ओम ट्रेडर्स ने बीते साल में 11,07,90,628 रुपये का लेनदेन किया, जिसका टैक्स जमा करने के लिए युवक को नोटिस भेजा गया है. युवक को इसका टैक्स लगभग 1,99,42,313 जमा करने का नोटिस डाक के माध्यम से मिला है.
युवक ने दी थाने में एप्लीकेशन
पीड़ित का कहना है कि उसके पैन कार्ड का मिसयूज करके किसी ने नई दिल्ली में ओम ट्रडर्स और फर्रुखाबाद में वर्मा इंटरप्राइजेज नाम से 2 फर्म रजिस्टर हैं. जिसके बाद में युवक को 2 करोड़ टैक्स का नोटिस आया. युवक का कहना है कि मैं गरीब आदमी हूं, मुझे डर लग रहा है. युवक मामले में जांच के लिए इधर-उधर जा रहा है औऱ डुमरियागंज थाने में एप्लीकेशन भी दी है.
यह भी पढ़ें- Toyota का जलवा बरकरार! जल्द ही आने वाली हैं 2 नई भौकाली SUV, 2030 तक लॉन्च होंगे 15 नए मॉडल
