Barabanki Accident: बाराबंकी में रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ है. बिजली कटने पर घर के बाहर सड़क किनारे सो रहे एक ही परिवार के 4 लोगों को वाहन ने कुचल दिया.
Barabanki Accident:यूपी के बाराबंकी जिले में आज देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग स्थित झांसा गांव में रात करीब दो बजे हुआ, जहां बिजली न आने के कारण परिवार घर के बाहर सड़क किनारे सो रहा था. घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
घर के बाहर सो रहे परिवार पर चढ़ा डंपर
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार डंफर पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और फिर अनियंत्रित होकर बाहर सो रहे परिवार पर चढ़ गया. हादसे में 35 साल के नीरज और उनके 13 साल के बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल 10 साल की बच्ची अंशिका, 6 वर्षीय आंशू और पत्नी आरती को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां अंशिका और आंशू ने भी दम तोड़ दिया. वहीं गंभीर हालत में आरती को लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है.
परिजनों के अनुसार नीरज किराए की मैजिक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. भीषण गर्मी और बिजली न होने के कारण परिवार घर के बाहर सो रहा था, तभी यह हादसा हो गया. घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नीरज और अनुराग को मृत घोषित कर दिया. बाद में अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां दो मासूम बच्चों की भी मौत हो गई. एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने डंफर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- CNG Price Hiked:आम आदमी की जेब पर एक और चोट: 23 मई को पेट्रोल-डीजल के बाद अब सीएनजी के दाम भी बढ़े
