UP Assembly Strict Rules: उत्तर प्रदेश विधानसभा और सचिवालय की साख को प्रभावित करने वाले अनर्गल एवं निराधार बयानों पर अब नकेल कसने की तैयारी कर ली गई है. विधानसभा, विधानसभा सचिवालय तथा उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया या डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक, असंसदीय या तथ्यहीन टिप्पणियां करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं. बिना तथ्यों की जांच और प्रमाणीकरण के सोशल मीडिया पर डाली गई कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट या टिप्पणी पूरी तरह अनधिकृत मानी जाएगी.
सख्त निर्देश जारी
UP विधानसभा और उसके सचिवालय की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाले भ्रामक और अमर्यादित बयानों पर नकेल कसने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं. विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे की ओर से जारी इस नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विधानसभा, सचिवालय के अधिकारियों, कर्मचारियों या विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ निराधार, आपत्तिजनक व असत्य सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.संवैधानिक संस्था की गरिमा की रक्षा के लिए इस तरह की गतिविधियों को पूरी तरह अविधिक (गैरकानूनी) और असंसदीय माना गया है. प्रमुख सचिव ने सूचना निदेशालय को सोशल मीडिया संचालकों और संबंधित डिजिटल पेजों तक यह कड़ा संदेश पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.
दर्ज होगी FIR
नोटिस में साफ किया गया है कि अमर्यादित या असत्य सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराकर विधिक कार्रवाई की जाएगी. इस आदेश की प्रतिलिपि अपर मुख्य सचिव (गृह व सूचना विभाग) संजय प्रसाद तथा उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को प्रेषित की गई है, ताकि शासन व पुलिस दोनों स्तरों पर कड़ी निगरानी और तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.अवमानना और छवि धूमिल करने के मामलों में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों या डिजिटल पेजों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी कदम उठाए जाएंगे.
संस्था की गरिमा सर्वोपरि
विधानसभा, विधानसभा सचिवालय और विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जाने वाली किसी भी फर्जी खबर, अनर्गल बयानबाजी या अमर्यादित टिप्पणी पर नजर रखी जाएगी.
इस कदम का मुख्य उद्देश्य संसदीय प्रणाली और लोकतांत्रिक संस्थाओं की साख, गोपनीयता और गरिमा को बनाए रखना है.
