Uttarakhand ka Mausam: उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है. मौसम विभाग ने आज 7 जिलों- देहरादून, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र संभावना जताई है. पढ़िए वेदर अपडेट..
Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में मानसूनी आफत का दौर जारी है. मौसम केंद्र देहरादून ने 23 अगस्त को प्रदेश के 7 जिलों—देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही प्रदेश भर में 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिरने का जोखिम जताया गया है. आज घर से निकलने से पहले अपने इलाके का स्थानीय मौसम अपडेट जरूर देख लें
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में 23 से 28 अगस्त तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और हरिद्वार समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क बाधित होने और अचानक जलस्तर बढ़ने जैसी स्थिति बन सकती है. ऐसे में यात्रा करने वालों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखनी चाहिए.
लैंडस्लाइड से मार्ग बाधित, सड़कें बंद
चकराता-त्यूणी मोटरमार्ग पर रोटाखड्ड के पास देर रात पहाड़ से भारी मलबा और बोल्डर आ गिरने से कई घंटों तक वाहनों की आवाजाही ठप रही, जिसे जेसीबी की मदद से हटाया गया. चमोली जिले में बारिश के कारण ढलानों से लगातार पत्थर गिर रहे हैं, जिससे जिले की 21 ग्रामीण और मुख्य सड़कें यातायात के लिए बंद पड़ी हैं. बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, हरिद्वार, अल्मोड़ा और नैनीताल में मध्यम से भारी बौछारें पड़ने के आसार हैं.
तापमान की स्थिति भी जानें
देहरादून में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 23°C रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट रहेगी.
27 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि 23 अगस्त से लेकर 27 अगस्त तक पूरे उत्तराखंड में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जिलों में भारी बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने का अनुमान है. स्थानीय जिला प्रशासनों ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों से नदियों के किनारों, बरसाती गदेरों और लैंडस्लाइड संभावित ढलानों से दूर रहने की अपील की है.
