महाराष्ट्र के ठाणे में गामदेवी मार्केट कॉम्प्लेक्स में अचानक से आग लग गई. आग बुझाने की कोशिश में एक फायर मैन और एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई. मार्केट कॉम्प्लेक्स में बड़ी संख्या में दुकानें मौजूद थीं.

मार्केट कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग
महाराष्ट्र के ठाणे से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. ठाणे में रेलवे स्टेशन के पास मौजूद गामदेवी मार्केट कॉम्प्लेक्स में अचानक से आग लग गई. जानकारी के मुताबिक मार्केट में काफी भयानक आग लगी, जिसकी ऊंची लपटें और धुआं बेहद दूरी से दिखाई दे रहा था. बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक दमकलकर्मी यानी फायरमैन और एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई है.
बड़ी संख्या में मौजूद दुकानें
जानकारी के मुताबिक सुबह लगभग 3.45 बजे के आसपास मार्केट कॉम्प्लेक्स में आग लगी थी. मार्केट कॉम्प्लेक्स में बड़ी संख्या में कपड़ों, फल और सब्जी की दुकानें मौजूद हैं. आग इतनी तेज थी कि इसका भयानक रूप देखते हुए फायर विभाग ने ब्रिगेड कॉल घोषित कर दिया. इस तरह की स्थिति में दमकल विभाग पूरे शहर से ज्यादा से ज्यादा संसाधनों को आग बुझाने के लिए जुटाता है.
एक फायर कर्मी और एक सुरक्षा कर्मी की मौत
ब्रिगेड कॉल घोषित होने के बाद ठाणे शहर से सभी उपलब्ध फायर इंजन और RDMC की टीम को मौके पर बुलाया गया. जिसके बाद लगातार आग बुझाने की कोशिश की जाने लगी. इस दौरान हादसे में एक फायरमैन और एक सुरक्षा गार्ड की जान चली गई. मामले में जानकारी देते हुए रीजनल डिजास्टर मैनेजमेंट सेल के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि हादसे में 2 और भी फायर कर्मी घायल हुए हैं.
कपड़ों का भारी स्टॉक मौजूद
मामले में जानकारी देते हुए फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाजार में बड़ी संख्या में कपड़ों का स्टॉक मौजूद था, जिसके कारण आग काफी तेजी से फैली. इस दौरान दमकल कर्मियों को भी आग पर काबू पाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. फिलहाल आग लगने के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ ही समय में आग ने बाजार के काफी हिस्से को चपेट में ले लिया था.
यह भी पढ़ें- भरतपुर में आग का तांडव! लपटों की चपेट में आए 25 घर; तेज हवाओं के कारण फैली आग
