राजस्थान के भरतपुर में बुधवार को आग ने तबाही मचाई है. गिरधरपुरा गांव में आग लगने के कारण गांव के 20-25 मकान आग की चपेट में आ गए. फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया.

भरतपुर में भीषण आग
राजस्थान के भरतपुर में भीषण आग ने तबाही मचा दी है. भरतपुर के नदबई उप क्षेत्र लखनपुर क्षेत्र के गिरधरपुरा गांव में बुधवार को दोपहर से समय भीषण आग लग गई. जिसके बाद यहां हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि घरों के पास में रखे ईंधन में अचानक से अज्ञात कारणों से आग लग गई. जिसके बाद इस आग ने कुछ ही समय में भीषण रूप ले लिया.
20-25 मकान चपेट में आए
बताया जा रहा है कि सूखे ईंधन और तेज हवाओं के कारण आग पूरे गांव में फैल गई, जिससे 20-25 कच्चे और पक्के घर इसकी चपेट में आ गए. इस घटना के दौरान गांव वालों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों के सामान को बचाने के कारण इधर-उधर भागने लगे. मामले में जानकारी देते हुए SDM सचिन यादव ने बताया कि आग लगने के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की थी.
6-8 दमकल की गाड़ियां मौजूद
उन्होंने बताया कि तेज लपटों के कारण आग फैलती चली गई. जिसके बाद कुछ ही देर में आग ने मकानों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया. आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन भी हरकत में आ गया. जिसके बाद नदबई, बयाना, रूपवास सहित आसपास की तहसीलों से लगभग 6 से 8 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाकर मौके पर भेजा गया.
नुकसान का हो रहा आकलन
बताया जा रहा है कि घंटों की मेहनत के बाद दमकल कर्मियों ने आग के ऊपर काबू पाया. जानकारी के मुताबिक आग गांव में मौजूद राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय तक पहुंच गई थी. आग की लपटों के कारण स्कूल के कुछ कमरों की पट्टियां टूट गईं. घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. SDM के मुताबिक आग के कारण हुए नुकसान का आकलन करने के लिए टीम का गठन किया गया है.
यह भी पढ़ें- हैदराबाद में टला बड़ा हदसा! ट्रक ड्राइवर को पड़ा दौरा; फॉर्च्यूनर से जा टकराया वाहन
