Mainpur News: उत्तर प्रदेश के मैनपुर जिले के थाना कुरावली क्षेत्र के जटपुरा में बड़ा हादसा हुआ है. एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. ये हादसा उस समय हुआ,जब घर में रात में कच्ची दीवार पर रखा हुआ टीनशेड सोते हुए लोगों पर अचानक गिर गया. जबकि, तीन लोगों के घायल होने की खबर है. मृतक में बच्चा भी शामिल है.
टीनशेड गिरने से हुआ बड़ा हादसा
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. जहां वो भर्ती हैं. वहीं, सूचना मिलने पर अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात कुरावली थाना इलाके के गांव आटपुरा में बृजेश सिंह जाटव अपने परिवार के साथ टीनशेड के नीचे सो रहे थे. इसी दौरान मकान की कच्ची दीवार पर रखा टीनशेड सो रहे लोगों पर गिर गया.
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
इस हादसे में परिवार के 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन-फानन में सभी घायलों को सीएचसी कुरावली पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने 40 वर्षीय रूबी, आठ वर्षीय दिलीप, 13 साल वर्षीय देवी को मृत घोषित कर दिया. दिलीप और देवी दोनों बृजेश सिंह जाटव के बच्चे थे. वहीं, घायल बृजेश, 15 वर्षीय गुड़िया, 5 वर्षीय पल्लवी का इलाज चल रहा है. इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
