गुजरात विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. बुधवार सुबह विधानसभा सचिव को धमकी भरा ई-मेल मिला है. जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं.
गुजरात विधानसभा को बम की धमकी
देश में कई बार हमारे सामने ऐसे मामले आए हैं, जिनमें स्कूल और अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. स्कूलों और अदालतों को धमकी के बाद अब गुजरात विधानसभा को बम का निशाना बनाने की धमकी मिली है. जानकारी के मुताबिक बुधवार को सुबह गुजरात विधानसभा को बजट सत्र के दौरान बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह धमकी एक ई-मेल के जरिए मिली है. इस धमकी के बाद विधानसभा परिसर में हड़कंप मच गया.
विधानसभा सचिव को मिला ई-मेल
जानकारी के मुताबिक बुधवार को सुबह लगभग 9 बजे के आसपास विधानसभा सचिव को एक धमकी भरा ई-मेल मिला है. इस ई-मेल में विधानसभा परिसर को बम से उड़ाने की धमकी लिखी हुई थी. इस धमकी भरे ई-मेल के मिलने के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत ही हाई अलर्ट पर आ गईं.
सदन में मौजूद थे कई विधायक-मंत्री
आपको बता दें कि आमतौर पर विधानसभा का सत्र दोपहर में 12 बजे से शुरू होता है, लेकिन आज के दिन कार्रवाई को सुबह 9 बजे से ही निर्धारित किया गया था. जिसके चलते विधानसभा के सदन में कई विधायक और मंत्री और बड़ी संख्या में स्टाफ मौजूद था. धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत ही एक्शन में आ गईं. धमकी मिलने के बाद तुरंत ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विधानसभा सदन को खाली करा लिया गया.
सदन को कराया गया खाली
धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं. तुरंत ही विधानसभा सदन को खाली करा लिया गया. सदन में मौजूद सभी विधायकों और मंत्रियों के साथ स्टाफ को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया. जिसके बाद बम निरोधक दस्ता (BDDS) और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं. विधानसभा के हर चप्पे पर तलाशी की जा रही है. जांच के बाद सभी मंत्रियों और विधायकों को सदन में वापस लौटने की परमिशन दी जाएगी.
यह भी पढ़ें- मैनपुरी में दर्दनाक हादसा : दीवार पर रखा टिन शेड गिरा, परिवार के तीन लोगों की मौत, 3 घायल
