मिडिल ईस्ट में जारी जंग पर अरब लीग और इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) की चुप्पी पर अब UAE का गुस्सा फूटा है. UAE के राष्ट्रपति सलाहकार और पूर्व विदेश मंत्री अनवर गरगाश ने सोशल मीडिया पर बयान दिया है.
UAE का फूटा गुस्सा
मिडिल ईस्ट में जंग लगातार जारी है. अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग को 24 दिन हो गए हैं. इस जंग में ईरान के ड्रोन और मिसाइलें खाड़ी देशों को लगातार निशाना बना रही हैं. इस युद्ध के दौरान अरब लीग और इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) दोनों ही चुप बैठे हुए हैं. अब इसी चुप्पी के ऊपर यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) ने आपत्ति जताई है. इस चुप्पी पर यूएई का गुस्सा फूटा है.
दोनों का नाम लेते हुए उठाया सवाल
UAE के राष्ट्रपति सलाहकार और पूर्व विदेश मंत्री अनवर गरगाश ने सोशल मीडिया पर बयान दिया है. इस दौरान उन्होंने अरब लीग और इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) का सीधा नाम लेते हुए पूछा है कि ‘ये संयुक्त अरब और इस्लामिक संगठन आखिर इस दौरान कहां हैं? उन्होंने कहा कि खाड़ी के देशों पर ईरान लगातार हमले कर रहा है और सभी संगठन मुंह पर चुप्पी साधे बैठा है.
UAE को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान
आपको बता दें कि इस युद्ध के दौरान सबसे ज्यादा नुकसान UAE को हुआ है. ईरान की मिसाइलों और ड्रोन ने देश के अलग-अलग इलाकों को कई बार निशाना बनाया है. आपको बता दें कि यूएई में अमेरिका के सैन्य अड्डे भी मौजूद हैं. UAE के इजरायल और अमेरिका से करीबी रिश्ते हैं, जिसके चलते ईरान लगातार उसके ऊपर हमले कर रहा है.
अमेरिका की मौजूदगी पर न उठाएं सवाल
अनवर गरगाश ने साफ चेताया कि युद्ध खत्म होने के बाद यह कतई मंजूर नहीं होगा कि कोई यह कहे कि अमेरिका और पश्चिम की मौजूदगी खाड़ी में क्यों है? यहां विदेशी अड्डे क्यों हैं? उन्होंने साफ इशारा किया है कि जब ईरान हमले कर रहा है तो अरब और इस्लामिक दुनिया कहीं नहीं दिख रही है, तो अब किसी को भी अमेरिका की मौजूदगी पर भी सवाल उठाने का हक नहीं है.
