Uttar Pradesh ATS: यूपी एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (UP ATS) ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 24 वर्षीय मोहम्मद जफर को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर मदरसे के नाम पर चंदा इकट्ठा कर क्रिप्टोकरेंसी के जरिए पाकिस्तान फंडिंग करने और सोशल मीडिया पर युवाओं को भड़काने का गंभीर आरोप है.
बिहार का रहने वाला है जफर
एटीएस की पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध स्वीकार कर लिए हैं. जफर मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले का रहने वाला है. 16 अगस्त को हुई इस गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ यूएपीए (UAPA) समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
क्रिप्टो से पाकिस्तान भेजता था रुपये
एटीएस की जांच में सामने आया कि जफर मदरसे के नाम पर लोगों से चंदा जुटाता था और बाइनेंस (Binance) प्लेटफॉर्म के जरिए यूएसडीटी (USDT) क्रिप्टो करेंसी के रूप में पैसे पाकिस्तान भेजता था.
पाकिस्तानी जेहादी व्हाट्सएप ग्रुप में चैट
जफर के मोबाइल से पाकिस्तानी जेहादी व्हाट्सएप ग्रुप मिलने की बात सामने आई. आरोपी के मोबाइल से पाकिस्तानी जिहादी व्हाट्सएप ग्रुप और पाकिस्तानी हैंडलर के साथ चैट मिली है, जिसमें उसने जिहाद में सीधे मदद की पेशकश की थी.जांच के मुताबिक, आरोपी कुख्यात आतंकी मसूद अजहर की तकरीरों और भाषणों से प्रभावित होकर सोशल मीडिया के जरिए लोगों को हिंसक जिहाद के लिए भड़का रहा था.
एटीएस के अनुसार, आरोपी पहले मेरठ के एक मदरसे में पढ़ाई कर चुका है, जहां पढ़ाई के दौरान मुजाहिदों की शहादत पढ़कर वह खुद मुजाहिद बनना चाहता था. सोशल मीडिया की जांच के दौरान पता चला है कि वह अपनी फेसबुक आईडी पर चेहरा ढककर जिहाद और खिलाफत से जुड़े संदेश शेयर करता था और लोगों को हिंसक जिहाद के लिए भड़काता था.
