UP BJP: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी में जुट गई है. जिलों में संगठन को मजबूत करने के लिए नए सिरे से कवायद तेज हो गई है और 30 जिला इकाइयों का गठन अभी बाकी है. पार्टी का फोकस जल्द से जल्द इन इकाइयों को पूरा कर संगठन को सक्रिय करना है.
UP BJP Reshuffle 2026: उत्तर प्रदेश भाजपा में 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए बड़े संगठनात्मक फेरबदल की तैयारी चल रही है. नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के कमान संभालने के बाद संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने के लिए नई रणनीति अपनाई जा रही है.
नए चेहरों को मौका, हटेंगे विवादित पदाधिकारी
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी संगठन में निष्क्रिय और विवादों में रहे पदाधिकारियों को हटाकर नए चेहरों को मौका दिया जाएगा. जिला स्तर पर संगठन को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए योग्य, सक्रिय और जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने पर जोर है.
खाली पड़े पदों को भरने की कवायद
आयोग और निगमों में खाली पड़े पदों को भरने की कवायद भी तेज हो गई है. पार्टी नेतृत्व इन पदों पर ऐसे लोगों की नियुक्ति चाहता है, जो संगठन के प्रति सक्रिय रहे हों और सरकार की नीतियों को जमीन तक पहुंचाने में सक्षम हों. इसको लेकर मंथन जारी है और जल्द ही नामों पर फैसला हो सकता है.
सोशल इंजीनियरिंग पर फोकस
भाजपा संगठन विस्तार में सामाजिक संतुलन (सोशल इंजीनियरिंग) का भी ध्यान रखा जा रहा है. अलग-अलग वर्गों और जातियों को प्रतिनिधित्व देकर संगठन को और मजबूत बनाने की रणनीति पर काम चल रहा है.
प्रदर्शन, सक्रियता और संगठन के प्रति योगदान को प्राथमिकता
जिला इकाइयों के गठन में कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन, सक्रियता और संगठन के प्रति योगदान को प्राथमिकता दी जाएगी. जो पदाधिकारी अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे, उनकी जगह नए चेहरों को मौका मिल सकता है. पार्टी का मानना है कि इन बदलावों से आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन और मजबूत होगा और बूथ स्तर तक पकड़ और बेहतर बनेगी.
यह भी पढ़ें- बड़ी बहन ने की छोटी बहन की हत्या! पापा को बताने की दी थी धमकी; खेत में देख लिया था ऐसा सच कि…
