Congress UP Election Strategy: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अभी से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है. पार्टी प्रदेश में दो बड़े जनसंवाद अभियान चलाने जा रही है.
Mission 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अभी से संगठन को मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं. पार्टी प्रदेश में दो प्रमुख जनसंवाद अभियान—‘चढ़ावा चोरी के खिलाफ चौपाल’ और ‘छात्रों की गूंज’ चलाने जा रही है। इन अभियानों के ज़रिए पार्टी आम जनता, युवाओं और छात्र-छात्राओं के मुद्दों को सीधे मंच देने की योजना बना रही है. कांग्रेस का कहना है कि इन अभियानों के जरिए आम लोगों, युवाओं और छात्रों से सीधे संवाद किया जाएगा और उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा.
पार्टी की योजना है कि इन कार्यक्रमों को केवल बड़े शहरों तक सीमित न रखकर जिला और ब्लॉक मुख्यालयों के साथ ही महत्वपूर्ण कस्बों तक पहुंचाया जाए.अभियान में कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठन, विभाग, प्रकोष्ठ और वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे. इसके जरिए पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय करने की कोशिश करेगी.
‘चढ़ावा चोरी के खिलाफ चौपाल’
‘चढ़ावा चोरी के खिलाफ चौपाल’ अभियान के तहत कांग्रेस राम मंदिर निर्माण और मंदिर से जुड़े चंदे व चढ़ावे में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को जनता के बीच ले जाएगी. पार्टी का कहना है कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर देशभर से लोगों ने श्रद्धा के साथ चंदा और सहयोग दिया था. ऐसे में इस धन और चढ़ावे को लेकर उठे सवालों का जवाब जनता को मिलना चाहिए. कांग्रेस कार्यकर्ता चौपाल के माध्यम से लोगों से बातचीत करेंगे और राम मंदिर के नाम पर एकत्र किए गए चंदे से जुड़े सवालों को उठाएंगे. पार्टी प्रधानमंत्री और भाजपा से भी इस मामले में जवाब मांगने का अभियान चलाएगी. कांग्रेस कार्यसमिति की ओर से भी मंदिर निर्माण के लिए मिले चंदे और चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर चिंता जताई गई है.
‘छात्रों की गूंज’
कांग्रेस का दूसरा अभियान ‘छात्रों की गूंज’ होगा. इस अभियान में शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा. पार्टी छात्र-छात्राओं के बीच जाकर उनकी समस्याएं समझेगी और उन्हें राजनीतिक मुद्दे के रूप में सामने रखेगी. कांग्रेस का फोकस युवाओं में बेरोजगारी, रोजगार के अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षा से जुड़ी परेशानियों पर रहेगा. पार्टी का मानना है कि बड़ी संख्या में युवा इन समस्याओं से प्रभावित हैं और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने की जरूरत है.
बूथ स्तर पर सक्रियता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने संगठन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं से दोनों अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है. पार्टी की कोशिश है कि इन कार्यक्रमों के जरिए कांग्रेस का जनाधार बढ़ाया जाए और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए. कांग्रेस के लिए ये दोनों अभियान 2027 की चुनावी तैयारी का अहम हिस्सा माने जा रहे हैं. एक तरफ पार्टी धार्मिक मुद्दे के जरिए भाजपा को घेरने की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ छात्रों और युवाओं के सवालों को उठाकर नए मतदाताओं के बीच अपनी जगह बनाने की कोशिश करेगी. अब देखना होगा कि इन अभियानों का जमीन पर कांग्रेस के संगठन और जनाधार पर कितना असर पड़ता है.
