UP skill development: उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) ने निर्णय लिया है कि प्रदेश में संचालित सभी अल्पकालीन कौशल प्रशिक्षण केंद्रों पर अब दैनिक समाचार-पत्रों का पठन-पाठन अनिवार्य होगा.
UP skill development: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को केवल कौशल सिखाने तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी नागरिक बनाने के लिए नए-नए प्रयोग कर रही है. इसी दिशा में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है. इसके तहत अब प्रदेश के सभी अल्पकालीन कौशल प्रशिक्षण केंद्रों में दैनिक समाचार-पत्र पढ़ना अनिवार्य कर दिया है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
न्यूज पेपर पढ़ना अनिवार्य
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा संचालित 800 से अधिक केंद्रों पर अब प्रशिक्षार्थियों के लिए न्यूज पेपर पढ़ना होगा. हर केंद्र को रोज कम से कम दो समाचार-पत्र (एक हिंदी और एक अंग्रेजी) अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश हैं. शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जिला समन्वयक और डीपीएम प्रशिक्षण केंद्रों का मासिक निरीक्षण करेंगे. मिशन के इस फैसले का उद्देश्य प्रशिक्षार्थियों के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की राह खोलना है.
नए निर्देशों के अनुसार, स्टेट स्किल डेवलपमेंट फंड, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना और प्रोजेक्ट प्रवीण जैसी योजनाओं के तहत चलने वाले प्रत्येक बैच में कक्षा शुरू होते ही सबसे पहले समाचार-पत्र पढ़ाया जाएगा. इसके लिए प्रशिक्षण प्रदाताओं (TP) और प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन एजेंसियों (PIA) को अपने केंद्रों पर प्रतिदिन कम से कम दो समाचार-पत्र (एक हिंदी और एक अंग्रेजी) उपलब्ध कराने होंगे.
मिशन के अनुसार, सॉफ्ट स्किल मॉड्यूल के तहत छात्रों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक समझ देना भी जरूरी है. कई छात्र कौशल प्रशिक्षण के साथ सरकारी नौकरियों की तैयारी भी करते हैं. अखबार पढ़ने से उनका सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स पर पकड़ मजबूत होगी.
यह भी पढ़ें- ढाबे पर खाने के दौरान हुई कहासुनी विवाद में बदली, देखते ही देखते चलने लगे चाकू, 2 की हुई मौत
