नोएडा में बीते दिन कर्मचारियों के हिंसक प्रदर्शन को लेकर उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने बयान दिया है. उन्होंने कहा कि यह राज्य के विकास को बाधित करने की एक सुनियोजित साजिश है.

नोएडा प्रदर्शन पर बोले श्रम मंत्री
नोएडा में बीते सोमवार को कर्मचारियों ने हिंसक प्रदर्शन किया है. अब इसे लेकर उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने बयान देते हुए राज्य के विकास को बाधित करने की एक सुनियोजित साजिश बताया है. आपको बता दें कि नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर सेक्टर 60, 62 और फेज-2 जैसे इलाकों में बवाल हुआ है. इस दौरान आगजनी और पथराव के कारण सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान भी पहुंचा है.
पाकिस्तान से हैं कनेक्शन
अब इसको लेकर श्रम मंत्री अनिल राजभर ने बयान देते हुए कहा है कि यह घटना सिर्फ एक विरोध प्रदर्शन नहीं है. हाल ही में मेरठ और नोएडा से 4 संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई है, जिनके हैंडलर पाकिस्तान के थे. इस तरह से राज्य में अस्थिरता फैलाने की साजिश की आशंका को काफी बल मिलता है. राजभर ने अंदेशा जताया है कि इस तरह अशांति फैलाने का उद्देश्य मुख्यमंत्री योगी के कार्यक्रम में बाधा डालना भी हो सकता है.
प्रदर्शन किसी समस्या का समाधान नहीं- राजभर
आपको बता दें कि सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक हो गया था. नोएडा के सेक्टर 60, 62, 84 और फेज-2 जैसे इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने वाहनों को भी आग लगा दी और काफी तोड़फोड़ की. जिसके चलते मुख्य सड़कों पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया. राजभर का कहना है कि अराजकता और हिंसा से प्रदर्शन करना किसी भी समस्या का समाधान नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार मजदूरों की सभी जायज बातें सुनने को तैयार है.
बहकावे में न आने की अपील
श्रम मंत्री ने कर्मचारियों से अपील की है कि किसी भी बहकावे या किसी के उकसाने में न आएं. उन्होंने कहा है कि श्रमेव जयते के संकल्प के साथ सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है. आपको बता दें कि फिलहाल हालातों को देखते हुए नोएडा में भारी पुलिस बल के साथ अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है. सरकार इस बात पर जोर दे रही है कि बातचीत करके शांति बहाल की जा सके.
यह भी पढ़ें- नोएडा में हंगामे के बाद हरकत में सरकार, देर रात बढ़ाईं मजदूरी दरें; अब बढ़ेगी मजदूरों की सैलरी
