UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. बुंदेलखंड और प्रदेश के दक्षिणी जिलों में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं. तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है. बुधवार को बांदा, प्रयागराज, हमीरपुर और झांसी समेत कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिला. यूपी में हालत यह है कि बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल और मध्य एवं पश्चिमी यूपी तक आसमान से आग बरस रही है. एक दर्जन से अधिक जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है.

यूपी का बांदा सबसे गर्म
उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार चौथे दिन दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा. बुधवार को यहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. एक दिन पहले मंगलवार को 48.2 डिग्री सेल्सियस रहा था. क्षेत्रीय मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह के लिए कई स्थानों पर भीषण लू का अलर्ट जारी किया है. अगले तीन दिनों के लिए ‘येलो’ और उसके बाद ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है.
यूपी में रेड अलर्ट
उत्तर प्रदेश में गर्मी को लेकर मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में 24 मई तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. IMD के अनुसार 20 से 24 मई के बीच कई जिलों में भीषण लू और गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है.
तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार
यूपी में हालत यह है कि बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल और मध्य एवं पश्चिमी यूपी तक आसमान से आग बरस रही है. एक दर्जन से अधिक जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है. लखनऊ, प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर, चित्रकूट, आगरा, कानपुर, वाराणसी और फतेहपुर समेत कई जिलों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवा की वजह से बाहर निकलना दूभर हो रहा है. गुरुवार और शुक्रवार को 11 जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है.
आने वाले दिनों का मौसम
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले एक हफ्ते तक पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है. वहीं पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गर्म रातें लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में जरूरी होने पर ही घर से निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.
