Weather in UP: उत्तर प्रदेश में गर्मी का सितम अब पूरी तरह से बेकाबू हो चुका है और लोग सूरज की तपिश से बेहाल हैं. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पारा बढ़ता रहेगा, हालांकि एक सप्ताह बाद कुछ बदलाव की उम्मीद है

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मौसम अभी बदलने का नाम नहीं ले रहा है. तेज धूप, गर्मी, बढ़ते तापमान और लू के चलते लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 5 दिन प्रचंड गर्मी, भीषण लू और रात में भी राहत न मिलने की चेतावनी जारी की है. आइए जानते हैं कब मिलेगी राहत?
आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम
एक तरफ प्रदेश के कई हिस्सों में सूरज आग उगल रहा है और तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है, तो दूसरी ओर कुछ जिलों में धूल भरी तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना ने मौसम को अस्थिर बना दिया है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 24 मई को उष्ण लहर से लेकर भीषण उष्ण लहर तक चलने की संभावना है। प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है.
लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और बांदा समेत पूर्वी प्रदेश के कई जिलों में शुष्क मौसम और भीषण गर्मी का असर बना रहेगा. इन क्षेत्रों में लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत और अलीगढ़ जैसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में धूल भरी आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश के आसार हैं.
हीट वेव का अलर्ट
24 मई को चंदौली, मिर्जापुर, वाराणसी, संतरविदासनगर, प्रयागराज, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर और बांदा में हीट वेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा सोनभद्र, गाजीपुर, जौनपुर, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, कानपुर देहात, कन्नौज, मैनपुरी, औरेया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर में हीट वेव और गर्म रातों को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिन प्रदेशवासियों के लिए चुनौती वाले हो सकते हैं.
पूर्वी यूपी में गर्मी का प्रकोप, पश्चिमी यूपी में हो सकता बदलाव
जहां पूर्वी उत्तर प्रदेश गर्मी और लू की चपेट में है, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज कुछ बदला सा रह सकता है. मौसम विभाग ने पश्चिमी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चलने की बात कही है. इसके साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है. इससे तापमान में मामूली राहत मिल सकती है.
