Uttarakhand ka Mausam:उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप जारी है. दिनभर चटक धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. एक तरफ जहां पहाड़ों में हल्की बारिश और तेज हवाओं से मौसम का मिजाज बदला हुआ है तो, वहीं मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश लोगों को बेहाल कर रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग देहरादून केंद्र द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, आज यानी 24 मई रविवार को राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा.
जानिए उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड के मैदानी और तराई वाले इलाकों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के बाकी बचे सभी जिलों में रविवार को मौसम पूरी तरह से शुष्क और साफ रहेगा. आसमान साफ रहने की वजह से गर्मी पड़ेगी, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. पिछले 24 घंटों की बात करें तो मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है, जबकि पहाड़ों में भी यह सामान्य से अधिक बना हुआ है. रुड़की में पारा 40 डिग्री पार हो चुका है.
बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. इन इलाकों में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी. इसके साथ ठंडी हवाएं चलने से स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी. आकाशीय बिजली चमकने को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी दी है.
