UP heat wave alert उत्तर प्रदेश में आज भीषण लू की स्थिति रहेगी. यूपी में रातें भी गर्म (Warm Night) रहने वाली हैं. प्रदेश में भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग ने 19 मई के लिए राज्य के कई जिलों में मौसम का कड़ा मिजाज देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. जानिए आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम…
यूपी में आज मौसम कैसा रहेगा?
यूपी में आज यानी 19 मई को भीषण गर्मी पड़ने वाली है. मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तापमान बढ़ने के साथ ही हीटवेव चलने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है. बुंदेलखंड समेत दक्षिणी यूपी के कई जिले भीषण लू और झुलसाने वाली गर्मी की चपेट में हैं. मौसम विभाग ने 19 से 23 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ने, गर्म हवाएं चलने और लू का असर तेज होने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिकआने वाले दिनों में दिन के समय हालात और अधिक मुश्किल हो सकते हैं.
यूपी के इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
जिन जिलों के ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है वो हैं…चित्रकूट, .बांदा, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संत रवि दास नगर, वाराणसी,जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी एवं आस पास के इलाके.
यूपी के इन 17 जिलों में येलो अलर्ट
मिर्जापुर,सोनभद्र, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, फर्रुखाबाद, कन्नौज, अमेठी,उन्नाव, सुल्तानपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी, ललितपुर एवं आस पास के इलाके.
भीषण लू की स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ सकता है, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा. 19 से 24 मई के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भीषण लू की स्थिति बन सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 और 20 मई को गंभीर हीट वेव का असर रहने की आशंका है. इसके बाद 21 से 24 मई तक पूर्वी यूपी के कुछ स्थानों पर लू का असर जारी रह सकता है.
IMD ने यह भी बताया है कि 19 से 24 मई के दौरान उत्तर प्रदेश में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति कुछ समय के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इससे धूल भरी हवाओं और गर्म मौसम का असर और बढ़ सकता है. पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है.
विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान दोपहर के समय बाहर निकलना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. तेज गर्मी के कारण दिन के समय लोगों को बेवजह घर से बाहर न निकलने और लगातार पानी पीते रहने की सलाह दी गई है.
