Gorakhpur Accident: यूपी के गोरखपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई. बिहार से अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की टीयूवी-300 कार खोराबार इलाके में अनियंत्रित होकर फोरलेन से नीचे उतर गई और कई बार पलटी खाती हुई कार सड़क पर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुजारी सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे….
ये दिल दहला देने वाला यह सड़क हादसा गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र के भैंसहा खास के पास उस समय हुआ जब बिहार के समस्तीपुर जिले से पुजारी राम प्रकाश दास अपने शिष्यों के साथ अयोध्या दर्शन करने के लिए जा रहे थे. ये सभी लोग टीयूवी-300 वाहन में सवार थे और अयोध्या पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे. लेकिन सफर के दौरान अचानक वाहन चालक को झपकी आ गई.
फोरलेन से नीचे उतर गई और कई बार पलटी
तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर फोरलेन से नीचे उतर गई और कई बार पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़ पड़े. हादसा इतना भयावह था कि चालक संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद थाना क्षेत्र के उतरावल निवासी ओम राय की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं समस्तीपुर जिले के विथान थाना क्षेत्र के मुरली गांव निवासी वासुकी दास और प्रवीण दास ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं इस दुर्घटना में पुजारी राम प्रकाश दास और उनके शिष्य राजा दास गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही खोराबार पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया. शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को आई झपकी बताई जा रही है.
ये भी पढ़ें: यूपी में ‘आग’ उगल रहा सूरज! घर से निकले तो जान पर बन सकती है बात, 23 जिलों में भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट
