Venezuela owes India for oil: अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर कार्रवाई से भारत को वेनेजुएला में अटके हुए लगभग 9000 करोड़ रुपये का भुगतान मिलने और तेल उत्पादन बढ़ने का मौका मिल सकता है. इससे भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर असर पड़ेगा.

Venezuela owes India for oil: अमेरिका ने वेनेजुएला पर सैन्य कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया है. मादुरो को न्यूयॉर्क स्थित हिरासत केंद्र ले जाते समय का वीडियो भी सामने आया है. इस कार्रवाई का सबसे बड़ा असर वैश्विक तेल बाजार पर देखने को मिल सकता है, जिससे भारत समेत कई देशों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है.
9000 करोड़ रुपये का प्रॉफिट
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी नियंत्रण में आने के बाद वेनेजुएला का तेल क्षेत्र भारत के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. इससे भारत को वेनेजुएला में अटके हुए बकाया भुगतान का लाभ मिल सकता है. अनुमानित रूप से भारत को 1 अरब अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 9000 करोड़ रुपये का भुगतान प्राप्त हो सकता है. इसके अलावा, तेल उत्पादन में भी तेजी आ सकती है.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी तेल कंपनियां वेनेजुएला में निवेश करेंगी और वहां खराब हो चुके तेल इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारेंगी. उनका कहना है कि तेल कारोबार में अनुभव होने के कारण कंपनियां मुनाफे में आएंगी और वैश्विक तेल आपूर्ति में सुधार होगा. यह कदम भारत के लिए भी अवसर बन सकता है क्योंकि लंबे समय से फंसे हुए बकाया का निपटान हो सकता है.
लंबे समय से अटका था बकाया

भारत लंबे समय से वेनेजुएला से तेल का बड़ा आयातक रहा है. साल 2020 से अमेरिकी प्रतिबंधों और नियमों के कारण आयात पर रोक लगी, जिससे भारत की प्रमुख तेल कंपनी ओएनजीसी विदेश लिमिटेड के वेनेजुएला में संचालन प्रभावित हुए. ओएनजीसी की 40% हिस्सेदारी में 53.6 करोड़ डॉलर का बकाया लंबे समय से अटका हुआ था. अब अमेरिका के नियंत्रण में आने से यह बकाया मिलने की उम्मीद बढ़ गई है.
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर वेनेजुएला से तेल निर्यात बहाल होता है, तो भारत का फंसा हुआ भुगतान मिल सकता है और तेल उत्पादन भी बढ़ेगा. इस स्थिति में भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों पर भी नियंत्रण बनाए रखने में मदद मिलेगी. अमेरिका की यह कार्रवाई वैश्विक स्तर पर तेल के कारोबार और भारत की आर्थिक हितों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
