उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में मंगलवार सुबह घने कोहरे के चलते बड़ा सड़क हादसा हुआ है. यहां एक के बाद एक लगभग 30 गाड़ियां आपस में टकरा गईं. इस हादसे में लगभग 2 दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है.
बागपत जिले में बड़ा सड़क हादसा
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिल्ली-अक्षरधाम एक्सेस कंट्रोल एलिवेटेड हाईवे पर मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जानकारी के मुताबिक रास्ते में छाई धुंध के कारण यहां एक के बाद एक लगभग 20 वाहन आपस में टकरा गए. इस हादसे में 2 दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर सामने आयी है. वहीं कुछ लोगों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है.
अचानक ब्रेक और कम विजिबिलिटी के कारण हुआ हादसा
इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे के समय मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम थी और वाहन चलाने वाले लोग आगे के वाहनों को ठीक तरह से देख नहीं पा रहे थे. लोगों ने बताया कि इसी दौरान अचानक ब्रेक लगने और कम विजिबिलिटी के कारण कई वाहन एक दूसरे में भिड़ते गए और बड़ा सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में कार, पिकअप और कई दूसरे निजी वाहन बुरी तरह से एक दूसरे से भिड़े हैं.
हादसे के दौरान कट गया युवक का पैर
इस हादसे की सूचना मिलने के बाद तुरंत ही बागपत और खेकड़ा कोतवाली पुलिस के साथ NHAI और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं. हादसे में घायल लोगों को तुरंत ही खेकड़ा CHC और बागपत जिला अस्पताल भेजा गया. इस सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को दिल्ली रेफर किया गया है. इस हादसे में सद्दाम नाम के एक युवक की हालत बेहद गंभीर है. इस हादसे में सद्दाम का एक पैर कटकर अलग हो गया है.
मौके पर पहुंचे बागपत SSP
जानकारी के मुताबिक सड़क हादसे में घायल सभी लोग दिल्ली की तरफ जा रहे थे. कोहरे के कारण वाहन धीरे चल रहे थे, लेकिन अचानक से धुंध छा जाने के कारण यह भीषण सड़क हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलने के बाद SSP बागपत प्रवीण सिंह चौहान भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने आपस में टकराये वाहनों को हाइवे से हटवाकर यातायात को शुरू करने के निर्देश दिए. लगातार हो रहे सड़क हादसों के चलते प्रशासन ने लोगों से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने और हल्की स्पीड से वाहन चलाने की अपील की है.
