उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक युवक ने पुलिस से डरकर अपने आप को कमरे में बंद कर लिया और केरोसिन डालकर खुद के आग लगा ली. अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी पुलिसकर्मी की भूमिका मिलती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
युवक ने लगाई खुद के आग
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. कानपुर के कल्याणपुर इलाके में शनिवार रात को पथराव की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर एक युवक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया. युवक ने खुद को कमरे में बंद करके अपने ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा ली. आग लगने के कारण युवक लगभग 25 प्रतिशत तक बुरी तरह से झुलस गया. जिसके बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
केस वापस लेने का बनाया जा रहा था दवाब
जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक की पहचान अनुराग दीक्षित उर्फ राहुल के रूप में की गई है. युवक कल्याणपुर कला का निवासी है और पेशे से कार चालक है. पीड़ित युवक के परिजनों का आरोप है कि उसके पड़ोसी कई दिनों से युवक के ऊपर केस को वापस लेने का दबाव बना रहे थे, जिसके चलते वे झूठी शिकायत करके बार-बार पुलिस भी बुला लेते थे. दरअसल यह मामला कुछ दिनों पहले का है. जिसकी जानकारी पीड़ित युवक के छोटे भाई ने दी है.
कुछ दिन पुराना है मामला
अनुराग के छोटे भाई ने बताया कि 11 जनवरी को उनका पड़ोसी शिवम घर के पास से तेज रफ्तार में बाइक लेकर गया था. जिसका विरोध करने पर शिवम ने परिजनों के साथ मिलकर मारपीट कर दी थी. इस घटना में पीड़ित की मां के सिर में गंभीर चोट आयी थी. जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में 9 नामजद लोगों सहित 19 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. जिसके बाद लगातार पीड़ित पक्ष के ऊपर फैसले का दबाव बनाया जा रहा था. और झूठी सूचनाएं देकर पुलिस को बुलाया जाता था.
पुलिस से डरकर घुसा कमरे के अंदर
पीड़ित पक्ष का कहना है कि शनिवार की रात भी ऐसे ही झूठी पथराव की सूचना देकर पुलिस को बुलाया गया. आरोप है कि पुलिस ने मामले की बिना जांच किए अनुराग को थाने ले जाने के लिए कहा. पुलिस की इस बात से वह घबरा गया और कमरे के अंदर घुस गया. जहां उसने खुद के ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा ली. इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान अगर किसी भी पुलिसकर्मी की भूमिका मिलती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
