उत्तर प्रदेश के बरेली में एक अनुसूचित जाति के युवक के साथ मारपीट और गलत व्यवहार का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक दबंगों नें पप्पू दिवाकर के साथ मारपीट करके उसकी मूंछ और भौहें काटी और उसके चेहरे पर कीचड़ पोत दिया.
अनुसूचित जाति के युवक के साथ अमानवीय व्यवहार
उत्तर प्रदेश के बरेली से एक मामला सामने आया है. बरेली जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में कुछ दबंगों ने मिलकर एक अनुसूचित जाति के युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया. आरोप है कि गांव गेला के निवासी चन्द्रसेन और उसके बेटे पप्पू और गोधनलाल ने मिलकर पीड़ित पप्पू दिवाकर के साथ जबरदस्ती मारपीट करके उसकी भौहें कटी और सिर मुड़वा दिया और मूंछ काटकर चेहरे पर कीचड़ पोत दी.
उधार के पैसे मांगने पर बवाल
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद में पुलिस ने मामले में 3 नामजद और 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है. गरसौली गांव के निवासी पप्पू दिवाकर ने बताया कि वह पिछले 3 महीने से गेलटांडा गांव में चन्द्रसेन के घर रह रहा था. इस दौरान उसने चन्द्रसेन को ट्रैक्टर खरीदने के लिए 4.50 लाख रुपए उधार दिए थे. जब पप्पू दिवाकर में अपने पैसे वापस मांगे तो चन्द्रसेन के अपने बेटे और साथियों के साथ मिलकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसकी पिटाई कर दी.
थाने में दी पीड़ित ने तहरीर
पीड़ित पप्पू दिवाकर ने नवाबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि चंद्रसेन को उधार दिए हुए पैसे जब वापस मांगे तो उसने मारपीट शुरू कर दी. पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने सिर, मूंछ और भौहें काटने के बाद में उसकी पिटाई की और उसके चेहरे पर कीचड़ पोत दिया. पीड़ित ने बताया कि यह पूरी घटना गांव वालों के सामने हुई है. पीड़ित ने बताया कि उसका सार्वजनिक रूप से अपमान हुआ है. वहीं इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर और वीडियो के आधार पर FIR दर्ज कर ली गयी है. इस मामले में पुलिस जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस मामले के बाद इलाके में गुस्से का माहौल है और लोग पीड़ित के संरक्षण की मांग कर रहे हैं.
