उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में एक अज्ञात वाहन ने दो व्यक्तियों को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. बलरामपुर के देवलहा गांव के पास भीषण सड़क हादसा हुआ है. जानकारी के मुताबिक किसी अज्ञात वाहन ने 2 लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान 40 साल के सुनील मणि त्रिपाठी और 35 साल के नितिन कुमार पाण्डेय के रूप में की गई है. यह हादसा शुक्रवार देर रात बलरामपुर के देवलहा गांव के पास हुआ है.
रिश्ते में चाचा-भतीजे थे मृतक
जानकारी के मुताबिक मृतक व्यक्ति रिश्ते में चाचा-भतीजा लगते हैं. पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक सुनील मणि त्रिपाठी अपने पिता देवमणि त्रिपाठी उर्फ गोवर्धनदास महाराज को एक धार्मिक देने के लिए देवलहा गांव गए थे. बताया जा रहा है कि उनके पिता उस गांव में भागवत कथा का आयोजन कर रहे थे. इसी के चलते दोनों चाचा भतीजे गांव में पिता के पास गए थे.
टक्कर से मौके पर ही हो गई मौत
थाना प्रभारी हरीश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों व्यक्ति पुस्तक देने के बाद में घर वापस लौट रहे थे. वे घर आने के लिए लिफ्ट का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन के उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. पुलिस के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी, कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. दोनों व्यक्तियों की मौत से घर में शोक का माहौल बना है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आस पास के इलाकों में मौजूद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है. जिससे उस अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके. इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले में अज्ञात वाहन की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
