उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक युवक ने अपनी प्रेमिका से कहासुनी के बाद घर में फांसी लगा ली. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मृतक के परिजनों ने लड़की के ऊपर गंभीर आरोप लगाए हैं.
युवक ने की आत्महत्या
उत्तर प्रदेश के रामपुर से चौंकाने वाली घटना सामने आई है. रामपुर जिले में वेलेंटाइन डे पर प्रेमिका से कहासुनी के बाद युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जिसके बाद इलाके में कोहराम मच गया. जब इस मामले की सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच को शुरू कर दिया है.
मूवी एडिटिंग की कोचिंग करता था युवक
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला जिले के बिलासपुर क्षेत्र का है. मृतक युवक के परिजनों का आरोप है कि लड़की ने प्रेम परीक्षा मांगी थी. जिसके बाद में उनके बेटे ने आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के शिव विहार काॅलोनी में रहने वाले गगन के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक युवक रूद्रपुर-बिलासपुर सीमा पर मौजूद चीमा कालोनी में किराए पर रहता था और मूवी एडिटिंग की कोचिंग करता था. परिजनों ने बताया कि इसी दौरान उसकी मुलाक़ात रुद्रपुर निवासी एक लड़की से हुई थी. जिसके बाद दोनों की दोस्ती प्यार के रिश्ते में बदल गई.
मौके पर पहुंच गई पुलिस
मृतक गगन के परिजनों के मुताबिक युवती ने वेलेंटाइन डे पर गगन से प्यार में परीक्षा मांगी थी. जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई और विवाद इतना बढ़ गया कि उनके बेटे ने कमरे में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जिसके बाद जब इस घटना की सूचना पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में जांच कर रही है.
मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि शुरूआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लगता है, लेकिन परिजनों ने मृतक की प्रेमिका पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं. पुलिस अधिकारियों का इस मामले को लेकर कहना है कि मृतक युवक की काॅल डिटेल निकाली जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की जांच की जाएगी. बिलासपुर थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक युवक की चैट और कॉल डिटेल की जांच की जा रही है.
