उत्तर प्रदेश से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है. सहारनपुर में लाइक और व्यूज के लिए कुछ लोगों ने शर्त लगाकर एक युवक को कोबरा सांप से कटवा दिया था. इस मामले में अब पुलिस में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है.
पुलिस ने किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कुछ दिन पहले युवकों ने दस हजार रुपए की शर्त लगाकर एक युवक को कोबरा सांप से कटवा दिया था. सांप के काटने के बाद युवक की मौत हो गई थी. इस मामले में युवक के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था और अब लगभग एक महीने बाद संजीव कुमार उर्फ मागेराम नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है.
10 हजार की शर्त लगाकर कोबरा से कटवाया
SSP के निर्देशों पर इस पूरे मामले में कार्रवाई चल रही है. पुलिस ने सूचना मिलने पर आरोपी को तोता टांडा नदी के पास से गिरफ्तार किया है. हालांकि मुख्य आरोपी यूट्यूबर मोहित कुमार अभी भी पुलिस की गिरफ्त से फरार है. आरोप है कि मोहित कुमार और उसके साथियों ने मिलकर 34 साल के सिकंदरनाथ को रास्ते में जबरदस्ती रोका और उनसे 10 हजार रुपए की शर्त लगाकर कोबरा सांप से कटवा दिया.
रास्ते में हो गई युवक की मौत
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों के रोकने पर आरोपियों ने उन्हें धमका दिया. इसके बाद जब ग्रामीण सिकंदरनाथ को इलाज के लिए ले जाने लगे, तब भी आरोपियों ने बाधा डाली. मामले में परिजनों का कहना है, कि सिकंदरनाथ का जानबूझकर इलाज समय से नहीं होने दिया गया और घंटे तक इधर-उधर घुमाया गया और उसकी लाइक और व्यूज के लिए वीडियो बनाई गई. बिजनौर से उसे मेरठ के लिए रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
फरार आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
सिकंदर नाथ की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सांप का जहर बताई गई है. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट और जाति सूचक टिप्पणियों के आरोप भी लगाए हैं. इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. एक आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें: ग्रीनलैंड के विवाद के बाद ट्रंप का यूरोप पर टैरिफ दांव, डेनमार्क PM ने किया पलटवार, पूरे यूरोप में दिखी गरमाहट
