![]()
Dehradun News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के सपने को साकार करने में भारत सरकार के प्रगति (PRAGATI) पोर्टल की अहम भूमिका है. पुष्कर सिंह धामी ने भारत सरकार के प्रगति पोर्टल विषय पर पत्र सूचना कार्यालय, भारत सरकार (पीआईबी) देहरादून द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित किया. उन्होंने इस दौरान राज्य में चल रही विभिन्न केंद्रीय परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी. आइए जानते हैं….
प्रगति पोर्टल डिजिटल इंडिया कार्यक्रम
वार्ता के दौरान श्री धामी ने जानकारी दी कि परियोजनाओं, योजनाओं एवं जन शिकायतों की त्वरित समीक्षा एवं समाधान के लिए पोर्टल- प्रो एक्टिव एंड टाइमली इम्प्लीमेंटेशन (PRAGATI) बनाया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न योजनाएं जो देश के अंदर संचालित होती हैं उनकी समीक्षा के लिए प्रगति पोर्टल डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत लॉन्च किया गया था. प्रगति पोर्टल भारत सरकार के प्रमुख कार्यक्रमों की निगरानी करता है और पोर्टल में आई समस्याओं का समाधान भी करता है. जिसकी वजह से विकास की योजनाएं तेजी से धरातल पर उतरती हैं.
उत्तराखंड को 1800 करोड़ की विशेष सहायता
सीएम कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉफ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से केंद्र सरकार के वित्तीय सहयोग से उत्तराखंड में 3.50 लाख करोड़ की 42 परियोजनाओं की निगरानी की जा रही है. इसमें 11967 करोड़ की 10 परियोजनाओं का काम पूरा हो चुका है जबकि 3.38 करोड़ की 32 परियोजनाओं पर काम चल रहा है. केंद्र सरकार से इस वित्तीय वर्ष में पूंजीगत निवेश के लिए उत्तराखंड को 1800 करोड़ की विशेष सहायता दी है. सीएम ने कहा परियोजनाओं के निर्माण कार्य निगरानी व जन शिकायतों के समाधान के लिए प्रगति पोर्टल बनाया गया है. आत्मनिर्भर व विकसित भारत के सपने को साकार करने में इस पोर्टल की अहम भूमिका है.
कई योजनाएं तेजी से बढ़ रहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद से देश में इंफ्रास्ट्रक्चर, परिवहन, रेलवे, आईटी, स्वास्थ्य सेवा, हवाई सेवा की योजनाएं तेजी से आगे बढ़ी हैं. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि मौजूदा समय में उत्तराखंड में 3.50 लाख करोड़ रुपये के कुल निवेश वाली 42 परियोजनाओं की निगरानी की जा रही है, इनमें से 1.22 लाख करोड़ रुपये के 15 हाई-वैल्यू प्रोजेक्ट्स का रिव्यू PRAGATI मैकेनिज्म के तहत किया जा रहा है. इनमें से अब तक 10 योजनाएं सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी हैं और 32 परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है.
चार धाम सड़क परियोजना पर तेजी से काम हुआ
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बड़ी परियोजनाएं जैसे चार धाम सड़क परियोजना पर तेजी से काम हुआ है. इसी प्रकार ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन देश की प्रमुख परियोजना है जो पहाड़ों के बीच से हमारे सुदूरवर्ती क्षेत्र तक पहुंच रही है. इस परियोजना का काफी काम पूरा हो चुका है और परियोजना के पूरा होते ही यह क्षेत्र पर्यटन, चार धाम आने वाले श्रद्धालुओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा. साथ ही सामरिक रूप से भी इसका महत्व बढ़ेगा, क्योंकि कर्णप्रयाग तक रेलवे लाइन पहुंचने से मानसून वर्षाकाल में जो रास्ते अवरुद्ध हो जाते हैं. इस रेलवे लाइन के बिछने से लोगों का सफर आसान हो जाएगा.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे परियोजना
सीएम धामी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी का आभार जताते हुए कहा कि इस परियोजना से ऋषिकेश, हरिद्वार, मसूरी, धनोल्टी, देहरादून आने वाले सभी देश-दुनिया के पर्यटक लाभान्वित होंगे. जल विद्युत परियोजनाएं जो राज्य की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण है उन सभी पर तेजी से काम चल रहा है. जिनकी समीक्षा प्रतिदिन भारत सरकार के प्रगति पोर्टल के माध्यम से हो रही हैं. आज आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत, डिजिटल इंडिया का सपना साकार हो रहा है जिसमें प्रगति पोर्टल का अहम रोल है.
जल विद्युत परियोजनाओं पर क्या बोले सीएम….

भागीरथी इको सेंसेटिव ज़ोन के कारण जल विद्युत परियोजनाओं में आ रही परेशानियों पर कहा कि राज्य और केंद्र सरकार इस चुनौतिपूर्ण परेशानी को दूर करने के प्रयास करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आधुनिक बुनियादी ढांचे के निर्माण और राज्य की आर्थिक प्रगति को नई गति देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
