उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा को लेकर गलत जानकारी फैलाने वाली वीडियो से संबंधित व्यक्ति पर FIR दर्ज की गई है. पुलिस मामले में जांच कर रही है, जिसमें 4-5 वीडियो दायरे में हैं.

सीएम धामी के नेतृत्व में यात्रियों के लिए अच्छी व्यवस्थाएं
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा चल रही है. बड़ी संख्या में भक्त दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार लगातार इस यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित रूप से संचालित करने का प्रयास कर रही है. राज्य सरकार के द्वारा यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं, ट्रैफिक प्रबंधन और आपदा सुरक्षा को लेकर व्यवस्थाएं की जा रही हैं.
सोशल मीडिया पर वीडियो में दी गई गलत जानकारी
राज्य की धामी सरकार का साफ कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह या गलत जानकारी फैलाने को लेकर बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए जिनमें यात्रा को लेकर गलत और भ्रामिक जानकारी दी जा रही थी. इन वीडियो में एक वीडियो रूद्रप्रयाग जिले से वायरल हुआ था, जिसमें यह दावा किया गया कि केदारनाथ धाम में किसी भी श्रद्धालु को दर्शन नहीं करने दिए जा रहे हैं.
संबंधित व्यक्ति पर दर्ज हुई FIR





इन वीडियो से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने इसके ऊपर एक्शन लिया है. इस वीडियो से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सोनप्रयाग थाने में FIR दर्ज की गई है. इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. इसी के साथ दूसरे संदिग्ध वीडियो भी जांच के दायरे में हैं. पुलिस ने इस गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने वाले 4-5 वीडियो को चिह्नित किया है. जिनको लेकर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति
राज्य सरकार ने पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया है कि चारधाम यात्रा से जुड़ी हुई सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से चल रही हैं और सभी श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से दर्शन कराए जा रहे हैं. सरकार का कहना है कि किसी भी तरह की गलत जानकारी या अफवाह फैलाने पर इसे जीरो टॉलरेंस के तहत लिया जाएगा. सरकार का साफ कहना है कि सोशल मीडिया पर 24×7 निगरानी की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मुख्यमंत्री की लोगों से अपील
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि चारधाम यात्रा की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे लोग सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी तरह की अफवाह और गलत और भ्रामक खबरों को एक दूसरे से शेयर करने से बचें, जिससे अफवाह न फैले.
यह भी पढ़ें- इंतजार खत्म, यूपी बोर्ड ने जारी 10वीं कक्षा का रिजल्ट, ऐसे चेक करें रिजल्ट
