Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 28 अगस्त के लिए राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली का येलो अलर्ट जारी किया है. चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी और नैनीताल में कई स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में भी मौसम बदला-बदला रहेगा.
देहरादून और ऋषिकेश में बदला मौसम
राजधानी देहरादून, ऋषिकेश और आसपास के इलाकों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की संभावना है। गंगा नदी के जलस्तर पर भी प्रशासन नजर बनाए हुए है. मौसम विभाग ने लोगों से नदी किनारे और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है.
चमोली में भूस्खलन से बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के कारण चमोली जिले में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. नंदनगर क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से सड़कें प्रभावित हुई हैं. वहीं जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ क्षेत्र में भूस्खलन के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हुआ। प्रशासन और सड़क निर्माण एजेंसियां मार्ग को सुचारू करने में जुटी हैं, लेकिन लगातार बारिश के कारण राहत कार्यों में दिक्कत आ रही है.
कुमाऊं के जिलों में भी अलर्ट
बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिले में भी बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है. कपकोट, धारचूला, मुनस्यारी और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है. पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
मैदानी इलाकों को भी राहत नहीं
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि बारिश के बीच उमस का असर भी बना रह सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में मैदानी इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 30 और 31 अगस्त को उत्तराखंड में बारिश और तेज हो सकती है. चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, देहरादून और टिहरी समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.
