Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला है, पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और निचले इलाकों में धूप-बादल छाए हैं। देहरादून समेत चार जिलों के लिए ओलावृष्टि और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है.
Uttarakhand Weather Update 7 April 2026: उत्तराखंड राज्य में मौसम बिगड़ने का सिलसिला आज भी जारी रहेगा. आज भी मैदानी क्षेत्रों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक मौसम की आंख मिचौली चल रही है. मार्च 2026 खत्म होने के बाद बारिश और बर्फबारी के मौसम से राहत मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन उत्तराखंड में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का दायरा राज्य तक फैल चुका है. मौसम विभाग की मानें तो आज मैदानी क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ था. आज राज्य के पांच सीमांत जिलों में बारिश बर्फबारी होगी, तो वहीं विशेष जिलों में भी मौसम अपना उग्र रूप दिखाएगा. आने वाले कल भी मौसम का यही उग्र रूप रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज देहरादून समेत 4 जिलों में ओलावृष्टि, तेज आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और उत्तरकाशी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, अन्य जनपदों में भी मौसम खराब रहने की आशंका के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज हवाएं और बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है।
मैदानी इलाकों में धूप और बादलों की आंखमिचौली
देहरादून समेत निचले इलाकों में मौसम का मिला-जुला रूप देखने को मिल रहा है। सोमवार को सुबह तेज धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद बादल छा गए। देर शाम तक बादल मंडराते रहे और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं भी चलीं। इस बदलाव के कारण लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है
जानिए तापमान का हाल
ताजा बुलेटिन के अनुसार आज देहरादून मोकमपुर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहने वाला है. पंतनगर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री से बढ़कर 33 डिग्री रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री से घटकर 15 डिग्री रहने वाला है. आज पंतनगर क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ आसमान में बादल छाए रहेंगे और बिजली चमकने के साथ बारिश होने की संभावना है.
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार, 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज भी बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. केदारनाथ, बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, औली, गौरसों और चोपता जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में सोमवार को बारिश के बाद हल्की बर्फबारी दर्ज की गई.
केदारनाथ में 4 फीट बर्फ जमी
केदारनाथ धाम में अभी भी करीब 4 फीट बर्फ जमी हुई है, जिससे वहां ठंड का असर बरकरार है. ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आई है और सर्दी एक बार फिर लौट आई है.
आने वाले दिन में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में 10 अप्रैल तक मौसम का यही मिजाज बना रहेगा. पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा.
यह भी पढ़ें- असम चुनाव को प्रभावित कर रहा पाकिस्तान! मुख्यमंत्री हिमंत ने कांग्रेस पर किया पलटवार; सभी आरोपों को किया खारिज
