Investment saurashtra kutch: प्रधानमंत्री मोदी ने वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस में भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत और निवेश के अवसरों पर जोर दिया है. उन्होंने सौराष्ट्र-कच्छ को ग्रोथ इंजन बताते हुए यहां निवेश को सही समय बताया और मेट्रो फेज-2 के लोकार्पण की घोषणा की है.

Investment saurashtra kutch: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र के लिए आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया है. इस दौरान उन्होंने ट्रेड शो और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और निवेशकों को संबोधित किया है. पीएम मोदी ने कहा कि साल 2026 में यह उनका गुजरात का पहला दौरा है. उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत सोमनाथ मंदिर में दर्शन से की है. पीएम ने कहा कि गुजरात में आज विकास और विरासत साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं.
प्रधानमंत्री ने वाइब्रेंट गुजरात को केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि विकास की लंबी यात्रा बताया है. उन्होंने कहा कि यह पहल एक छोटे से विचार के रूप में शुरू हुई थी. आज यह देश और दुनिया के भरोसे का मंच बन चुकी है. पिछले 20 वर्षों में वाइब्रेंट गुजरात के 10 आयोजन हो चुके हैं. शुरुआत में इसका मकसद गुजरात की क्षमता को दुनिया के सामने रखना था. अब यह वैश्विक निवेश और साझेदारी का मजबूत केंद्र बन गया है.
पीएम मोदी ने कहा कि अब क्षेत्रीय वाइब्रेंट गुजरात समिट एक नया प्रयोग है. इसका उद्देश्य सौराष्ट्र और कच्छ जैसे क्षेत्रों में विकास को और तेज करना है. उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का एक चौथाई हिस्सा बीत चुका है. भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है. आर्थिक आंकड़े साफ दिखाते हैं कि दुनिया की उम्मीदें भारत से लगातार बढ़ रही हैं.

प्रधानमंत्री ने निवेशकों को संदेश देते हुए कहा कि सौराष्ट्र-कच्छ में निवेश का यही सही समय है. उन्होंने बताया कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल डेटा उपभोक्ता बन चुका है। भारत मोबाइल निर्माण में दूसरे नंबर पर है. उन्होंने कहा कि कभी जिन इलाकों ने भूकंप और सूखे का दर्द झेला, आज वही क्षेत्र देश की ग्रोथ का इंजन बन गए हैं. राजकोट में ढाई लाख से ज्यादा एमएसएमई काम कर रहे हैं. यहां स्क्रू ड्राइवर से लेकर विमान और रक्षा उपकरणों के पुर्जे बनते हैं.
पीएम मोदी ने कच्छ में बन रहे दुनिया के सबसे बड़े हाइब्रिड एनर्जी पार्क और धोलेरा की सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन यूनिट का भी जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि गुजरात निवेश के लिए भरोसेमंद राज्य है. शाम को पीएम गांधीनगर में मेट्रो फेज-2 का लोकार्पण करेंगे. इस नए रूट से अहमदाबाद और गांधीनगर के बीच यात्रा और आसान होगी. इससे कर्मचारियों और आम लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी.
