pakistan economic crisis: पाकिस्तान में लगातार 23 हफ्तों से महंगाई बढ़ रही है, जिससे चिकन, चावल, गेहूं और गैस जैसी जरूरी चीजें आम लोगों की पहुंच से बाहर हो गई हैं. मदद के बावजूद हालात नहीं सुधरे हैं और बढ़ती कीमतों ने पाकिस्तान की जनता की रोजमर्रा की जिंदगी और मुश्किल बना दी है.

pakistan economic crisis: पाकिस्तान की आर्थिक हालत लगातार बिगड़ती जा रही है. आईएमएफ, वर्ल्ड बैंक और दूसरे देशों से मदद मिलने के बाद भी आम लोगों को राहत नहीं मिल रही है। देश में महंगाई थमने का नाम नहीं ले रही है. हालात ऐसे हैं कि रोजमर्रा की चीजें आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं. ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में लगातार 23वें हफ्ते महंगाई बढ़ी है, जिससे जनता की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
23 हफ्तों से नहीं टूटी महंगाई की लकीर
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, 8 जनवरी को खत्म हुए हफ्ते में साप्ताहिक महंगाई दर में सालाना आधार पर 3.20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. यह बढ़ोतरी संवेदनशील मूल्य सूचकांक यानी SPI के आधार पर मापी गई है. खास बात यह है कि बीते 23 हफ्तों से लगातार महंगाई बढ़ रही है. हर हफ्ते जरूरी सामान के दाम ऊपर जा रहे हैं.
जरूरी चीजों के दाम में तेज उछाल
महंगाई बढ़ने की सबसे बड़ी वजह खाने-पीने की चीजों की कीमतों में इजाफा है. पिछले हफ्ते के मुकाबले गेहूं का आटा, चिकन, चीनी और चावल के दाम काफी बढ़े हैं. गेहूं के आटे के दाम में करीब 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. चिकन लगभग 3 प्रतिशत महंगा हो गया है. इसके अलावा लहसुन, मिर्च पाउडर, एलपीजी, चाय, ब्रेड और बासमती चावल के दाम भी बढ़े हैं.
सालाना आधार पर हालात और खराब

अगर साल भर की तुलना करें तो तस्वीर और डरावनी नजर आती है. गेहूं का आटा एक साल में 31 प्रतिशत से ज्यादा महंगा हो चुका है. गैस के दाम में भी करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. चीनी, मिर्च पाउडर, केले, गुड़, दूध पाउडर और अंडों के दाम भी तेजी से बढ़े हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, एक ही हफ्ते में करीब 21 जरूरी चीजें महंगी हुई हैं.
चिकन और चावल आम थाली से बाहर
महंगाई का असर अब लोगों की थाली पर साफ दिख रहा है. वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के अनुसार, पाकिस्तान में 1 किलो चिकन करीब 840 रुपये, जबकि 1 किलो चावल लगभग 320 रुपये में मिल रहा है. दूध, ब्रेड, अंडे, सब्जियां और फल भी काफी महंगे हो चुके हैं. सेब, केला और संतरे जैसी चीजें भी आम आदमी के बजट से बाहर होती जा रही हैं. ऐसे हालात में पाकिस्तान की जनता के लिए रोजमर्रा की जिंदगी चलाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
