यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने लखनऊ में कहा कि PDA का मतलब पराया धन अपना है. 2027 चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में राजनीती तेज हो गई है.
उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीती तेज हो गई है. अब चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है. यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने कमान अपने हाथों में ले ली है. शनिवार को प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह लखनऊ में BJP के प्रदेश कार्यालय पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला.
इस दौरान यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में BJP दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा है. बातचीत के दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया कि NDA कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और पंकज चौधरी के मार्गदर्शन में जीत भी हासिल करेंगे.
PDA मतलब पराया धन अपना
तावड़े ने बातचीत करते हुए कहा कि NDA अगले पांच सालों तक राज्य की जनता के लिए समर्पित रहेगा. उन्होंने यह भी दावा किया कि सपा का ‘PDA’ फेल हो जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव के PDA की व्याख्या पराया धन अपना के रूप में की. तावड़े ने साफ किया कि पार्टी पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी के विकास कार्यों और नीतियों के आधार पर आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में उतरेगी और बड़ी जीत दर्ज करेगी.
स्वागत को लेकर दिए निर्देश
आपको बता दें कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के लिए पार्टी के प्रभारी विनोद तावड़े ने निर्देश दिए थे कि उनके स्वागत के लिए अलग-अलग जगहों पर ट्रैफिक न रोका जाए और बड़े होर्डिंग न लगाए जाएं. जिसके चलते कई जगहों से होर्डिंग हटा दिए गए. बीजेपी के नेशनल जनरल सेक्रेटरी और यूपी प्रभारी तावड़े दोपहर लगभग 1:45 बजे पार्टी ऑफिस पहुंचे. जहां उन्होंने सबसे पहले मीडिया से बातचीत की. इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक शुरू की.
