PM Modi SRCC Speech: इस खबर में जानिए SRCC के 100 साल पूरे होने पर पीएम नरेंद्र मोदी का Gen-Z अंदाज. कैसे उन्होंने ‘नाराज फूफा’ तंज के जरिए देश के विकास को रोकने वाली सोच को घेरा और अपने 10 साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया.

PM Modi SRCC Speech: दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के 100 साल पूरे होने पर शनिवार को एक भव्य कार्यक्रम हुआ. इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे. उन्होंने कॉलेज के लंबे सफर की तारीफ की. पीएम ने कहा कि इस संस्थान ने देश को कई बड़े लीडर्स दिए हैं. इस खास दिन की याद में उन्होंने 100 रुपये का एक नया सिक्का भी जारी किया. इस सिक्का पर कॉलेज का इतिहास दर्ज है. उन्होंने छात्रों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की.
समाज में दो तरह के लोग
छात्रों से बात करते हुए पीएम मोदी ने जिंदगी की एक बड़ी सीख दी. उन्होंने कहा कि कॉलेज के बाद आपको दो तरह के लोग मिलेंगे. पहले वो लोग होंगे जो देश को आगे बढ़ाना चाहते हैं. ये लोग समाज को सकारात्मक सोच के साथ दिशा देते हैं. दूसरी तरफ वो लोग मिलेंगे जो हर बात पर नाराज हो जाते हैं. पीएम मोदी ने ऐसे लोगों को ‘नाराज फूफा’ का नाम दिया. उनका कहना था कि ये लोग हर अच्छे काम में कमी ढूंढते हैं.
‘इसकी क्या जरूरत थी’ वाली सोच
पीएम मोदी ने बताया कि ये ‘नाराज फूफा’ हर नए प्रोजेक्ट पर सवाल उठाते हैं. इनका एक ही रटा-रटाया डायलॉग होता है कि ‘इसकी क्या जरूरत थी’. जब देश में दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बनी, तब भी इन्होंने सवाल उठाया था. जब बुलेट ट्रेन का काम शुरू हुआ, तब भी ये लोग विरोध कर रहे थे. UPI और नई संसद भवन बनने पर भी इन्होंने यही कहा था. यहां तक कि नेशनल वॉर मेमोरियल बनने पर भी इन लोगों ने सवाल खड़े किए थे.
झूठ पर भारी सच की हुंकार
विरोधियों पर हमला बोलते हुए पीएम ने साफ कहा कि भारत अब रुकने वाला नहीं है. देश हित में जो जरूरी होगा, वो हर हाल में किया जाएगा. उन्होंने कहा कि झूठ चाहे जितना शोर मचा ले, सच के आगे नहीं टिक सकता. पीएम मोदी ने कहा कि वो पुरानी ‘माई-बाप’ वाली सोच के खिलाफ एक चट्टान की तरह खड़े हैं. उनके अंदर सच बोलने की हिम्मत है. इसीलिए वो पूरे देश के सामने अपना 10 साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर आए हैं.
मेक इन इंडिया की असली ताकत
पीएम मोदी ने अपने 2013 के भाषण को याद किया. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पहली बार ‘मेड इन इंडिया’ की बात की थी, तब लोगों ने उनका मजाक उड़ाया था. उस समय की सरकारों को लगता था कि भारत में चीजें बनाना मुमकिन ही नहीं है. निराशा की सोच रखने वाले लोग आज भी इसका मजाक उड़ाने की कोशिश करते हैं. लेकिन आज पूरी दुनिया भारत में बने सामान का लोहा मान रही है. ‘मेक इन इंडिया’ आज एक बड़ा ग्लोबल ब्रांड बन चुका है.
देश की तरक्की को कोई रोक नहीं सकता
अपने भाषण के आखिर में पीएम मोदी ने युवाओं का हौसला बढ़ाया. उन्होंने कहा कि भारत अब हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है. देश के युवा अपनी काबिलियत से पूरी दुनिया में नाम रोशन कर रहे हैं. नकारात्मक सोच वाले लोग देश की रफ्तार को धीमा नहीं कर सकते हैं. भारत अपनी शर्तों पर आगे बढ़ेगा और हर सवाल उठाने वाले को अपने काम से जवाब देगा. श्रीराम कॉलेज का यह शताब्दी समारोह युवाओं के लिए प्रेरणा देने वाला साबित हुआ.
