west bengal election 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए टीएमसी ने ममता बनर्जी को भवानीपुर और शुभेंदु अधिकारी के पूर्व सहयोगी पबित्र कर को नंदीग्राम से उम्मीदवार बनाया है. राज्य में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि चुनावी नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे.

west bengal election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है. सत्ताधारी ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर अपनी पारंपरिक सीट भवानीपुर से चुनाव लड़ेंगी. वहीं विपक्ष की ओर से शुभेंदु अधिकारी को उनके खिलाफ उतारा गया है. इस तरह भवानीपुर में मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है.
दूसरी तरफ टीएमसी ने भी बीजेपी की रणनीति का जवाब देने की तैयारी कर ली है. पार्टी ने नंदीग्राम सीट पर बड़ा दांव खेला है. यहां से पबित्र कर को उम्मीदवार बनाया गया है. पबित्र कर पहले बीजेपी में थे और हाल ही में उन्होंने फिर से टीएमसी जॉइन की है. खास बात यह है कि उन्हें शुभेंदु अधिकारी का करीबी और शागिर्द माना जाता है. ऐसे में यह मुकाबला और ज्यादा दिलचस्प बन गया है.
नंदीग्राम सीट का इतिहास भी काफी अहम रहा है. साल 2021 के चुनाव में ममता बनर्जी ने इसी सीट से चुनाव लड़ने का फैसला किया था. उस समय उनका मुकाबला शुभेंदु अधिकारी से हुआ था. बेहद कड़े मुकाबले में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को करीब 1900 वोटों से हरा दिया था. इसके बाद ममता बनर्जी को भवानीपुर से उपचुनाव लड़कर विधानसभा में आना पड़ा था.
पबित्र कर का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है. वह पहले टीएमसी में थे और फिर 2020 में बीजेपी में शामिल हो गए थे. उन्होंने नंदीग्राम इलाके में बीजेपी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी. खासकर बोयाल-1 क्षेत्र में उनका अच्छा प्रभाव माना जाता है. अब उनकी टीएमसी में वापसी को पार्टी के लिए बड़ा रणनीतिक कदम माना जा रहा है.
इस बार चुनाव में टीएमसी 294 में से 291 सीटों पर उम्मीदवार उतार रही है. तीन सीटें सहयोगी दल भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा को दी गई हैं. पार्टी ने सामाजिक संतुलन पर भी ध्यान दिया है. 53 महिलाओं को टिकट मिला है. वहीं 95 उम्मीदवार अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग से हैं. 48 सीटों पर अल्पसंख्यक उम्मीदवार उतारे गए हैं. राज्य में मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा. नतीजे 4 मई को आएंगे. इस बार का चुनाव काफी रोमांचक होने वाला है.
